ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

तालिबान के हमले में मारा गया विंग कमांडर अभिनंदन को पकड़ने वाला पाक अधिकारी

इस्लामाबाद/नई दिल्ली: बालाकोट एयरस्ट्राइक के दौरान भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को पकड़ने वाले पाकिस्तानी सेना के अधिकारी मेजर मोइज अब्बास शाह की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान के अशांत दक्षिण वजीरिस्तान क्षेत्र में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के हमले में मेजर शाह की जान गई है।

पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान में बताया गया कि 24 जून 2025 को दक्षिण वजीरिस्तान जिले के सरौघा इलाके में सुरक्षा बलों ने एक आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया था। इस ऑपरेशन के दौरान मेजर मोइज अब्बास शाह और लांस नायक जिबरान की मौत हो गई, जबकि जवाबी कार्रवाई में 11 आतंकवादी ढेर किए गए।

मेजर शाह, पाकिस्तान की स्पेशल सर्विस ग्रुप (SSG) से ताल्लुक रखते थे और पंजाब प्रांत के चकवाल जिले के निवासी थे। उनकी शहादत पर पाकिस्तान की संसद में श्रद्धांजलि भी दी गई।

गौरतलब है कि फरवरी 2019 में हुए पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में भारत ने बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इस दौरान भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने मिग-21 बायसन से पाकिस्तानी विमानों को खदेड़ते हुए एक एफ-16 को मार गिराया था, लेकिन उनका विमान भी क्रैश हो गया था। अभिनंदन पाकिस्तानी सीमा में पहुंच गए थे, जहां उन्हें पाकिस्तानी सेना ने पकड़ लिया था। इसके बाद भारत और अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते पाकिस्तान ने उन्हें कुछ ही दिनों में रिहा कर दिया था।

हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव फिर से बढ़ गया है। ऐसे में मेजर मोइज अब्बास शाह की मौत की खबर दोनों देशों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *