ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

सुखबीर सिंह संधु और ज्ञानेश कुमार होंगे चुनाव आयुक्त

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने चुनाव आयुक्त के रूप में गुरुवार को पंजाब के पूर्व नौकरशाह सुखबीर सिंह संधु और केरल के ज्ञानेश कुमार का नाम तय किया है। समिति में शामिल कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया को इसकी जानकारी दी है।

तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में वर्तमान में केवल मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ही थे। वहीं, चुनाव आयुक्त अनूप चन्द्र पांडे का पिछले महीने कार्यकाल समाप्त हो गया और अरुण गोयल ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके चलते आयोग में दो स्थान रिक्त थे।

प्रधानमंत्री, केन्द्रीय मंत्री और लोकसभा में सबसे बड़े दल के नेता की समिति चुनाव आयुक्त तय करती है। पिछले साल एक कानून लाकर सरकार ने इस समिति के माध्यम से चयन प्रक्रिया तय की थी। समिति में शामिल अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया में आज तय हुए नामों की जानकारी दी। अभी आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। चौधरी ने समिति के काम पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कौन-से नाम होंगे इसकी उन्हें जानकारी ही नहीं दी गई थी। इसके अलावा समिति में सरकार का बहुमत है।

उन्होंने कहा कि बैठक से ठीक 10 मिनट पहले उन्हें 212 नामों की सूची दी गई। इतने कम समय में सूची में नामित लोगों की सत्यनिष्ठा और अनुभव के बारे में जानना असंभव था। उन्होंने नामों को अंतिम रूप दिए जाने की प्रक्रिया पर अपनी आपत्ति जताई और अपना ‘असहमति नोट’ दर्ज कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *