NEET फीस रिफंड का आखिरी मौका: बैंक डिटेल अपडेट करने की समयसीमा 7 जुलाई, NTA की चेतावनी
- BREAKING NEWS Education & Career INDIA NEWS TRENDING
Madhulika
- July 6, 2026
- 0
नई दिल्ली: नीट (NEET) परीक्षा में शामिल लाखों छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने फीस रिफंड से जुड़ा अंतिम अवसर जारी किया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने अब तक अपनी बैंक डिटेल अपडेट नहीं की है, वे 7 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूरी कर लें, अन्यथा उन्हें फीस रिफंड नहीं मिलेगा। एनटीए के अनुसार, 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा के बाद फीस रिफंड की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके लिए छात्रों को अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट करने को कहा गया था, लेकिन अब तक बड़ी संख्या में उम्मीदवार यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 22 लाख से अधिक छात्रों में से अब तक केवल 8,29,510 छात्रों ने ही अपनी बैंक डिटेल अपडेट की है। इसका मतलब है कि लगभग 14 लाख छात्र अभी भी रिफंड प्रक्रिया से जुड़े जरूरी कदम पूरे नहीं कर पाए हैं। एनटीए ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर बताया है कि जिन छात्रों ने समय पर बैंक डिटेल्स अपडेट कर दी थीं, उनके खातों में रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पैसे ट्रांसफर किए जा रहे हैं। एजेंसी ने छात्रों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि 7 जुलाई के बाद किसी भी प्रकार की बैंक जानकारी अपडेट स्वीकार नहीं की जाएगी और ऐसे उम्मीदवारों को फीस रिफंड का लाभ नहीं मिल पाएगा। रिफंड प्रक्रिया के लिए छात्रों को neet.nta.nic.in वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा और “Final Opportunity to Confirm/Update Bank Account Details for NEET (UG) 2026 Fee Refund” लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आवश्यक क्रेडेंशियल्स भरकर बैंक डिटेल्स वेरिफाई करनी होंगी। एनटीए ने यह भी विकल्प दिया है कि छात्र बैंक डिटेल्स की पुष्टि के लिए कैंसिल चेक अपलोड कर सकते हैं, जिससे खाता संख्या और IFSC कोड की सटीकता सुनिश्चित की जा सके। एजेंसी ने साफ किया है कि एक बार सबमिट की गई बैंक डिटेल्स को ही अंतिम माना जाएगा। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे जानकारी भरते समय पूरी सावधानी बरतें, ताकि रिफंड प्रक्रिया में कोई समस्या न आए।