ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

प्रधान मंत्री मोदी के सामने पेरिस में गूंजा, ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा…’

फ्रांस की राजधानी पेरिस शुक्रवार को भारतीय सेनाओं के पराक्रम की साक्षी बनी। फ्रांस के वार्षिक उत्सव ‘बैस्टिल डे’ पर आयोजित विशेष परेड में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भारतीय प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा…’ गीत भी गूंजा। फ्रांस की सेनाओं के साथ भारतीय सेना के तीनों बलों ने अपने शौर्य का प्रदर्शन किया।

फ्रांस के विशिष्ट बैस्टिल डे परेड में पहुंचने पर भारत के प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजेट मैक्रों और फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न ने किया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पेरिस के चैंप्स-एलिसीस में परेड स्थल पर पहुंचे तो वे भारतीय प्रधानमंत्री से गर्मजोशी से गले मिले। परेड में भारत की थल सेना, जल सेना और वायु सेना की टुकड़ियों ने भी मार्च किया। आकाश में राफेल का पराक्रम दिखा तो भारतीय सेना की पंजाब रेजिमेंट ने कैप्टन अमन जगताप के नेतृत्व में मार्च किया। पंजाब रेजिमेंट के मार्च के दौरान ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा…’ भी बजाया गया।

इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्वीट कर भारत को विश्व इतिहास में एक विशालकाय, भविष्य के लिए निर्णायक भूमिका निभाने वाला देश बताने के साथ फ्रांस का रणनीतिक साझेदार और मित्र करार दिया। उन्होंने लिखा कि इस साल की 14 जुलाई की परेड के लिए भारत को सम्मानित अतिथि के रूप में स्वागत करते हुए हमें बहुत खुशी हो रही है।

मैक्रों के ट्वीट को कोट करते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया कि भारत अपने सदियों पुराने लोकाचार से प्रेरित होकर पूरी दुनिया को शांतिपूर्ण, समृद्ध और टिकाऊ बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है। 1.4 अरब भारतीय एक मजबूत और भरोसेमंद भागीदार होने के लिए फ्रांस के हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने इस बंधन को और भी गहरा बनाने की उम्मीद जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *