सुबह आंखों में सूजन को न करें नजरअंदाज, किडनी की बीमारी का हो सकता है संकेत
कई लोगों को सुबह उठते ही आंखों के आसपास सूजन और चेहरा फूला हुआ नजर आता है। आमतौर पर इसे नींद की कमी, देर रात तक जागना या गलत सोने की पोजीशन से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन लगातार ऐसा होना किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक चेहरे और आंखों के आसपास सूजन रहना किडनी की बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में इसे नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. भुमेश त्यागी के मुताबिक, किडनी से जुड़ी समस्याओं को अक्सर केवल पेशाब में बदलाव से जोड़ा जाता है, जबकि इसके कई अन्य संकेत भी हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सुबह के समय आंखों के आसपास सूजन आना, जिसे पेरिऑर्बिटल पफीनेस कहा जाता है, किडनी फंक्शन में गड़बड़ी का संकेत हो सकता है।
सूजन क्यों होती है?
जब किडनी की फिल्टरिंग क्षमता प्रभावित होती है, तो शरीर से एक महत्वपूर्ण प्रोटीन “एल्ब्यूमिन” मूत्र के जरिए बाहर निकलने लगता है। इससे शरीर में प्रोटीन की कमी हो जाती है और तरल पदार्थ टिशूज में जमा होने लगता है।
रात में लेटकर सोने की वजह से यह तरल पदार्थ आंखों के आसपास जमा हो जाता है, जिससे सुबह सूजन ज्यादा दिखाई देती है। दिन में चलने-फिरने से यही तरल नीचे की ओर शिफ्ट हो जाता है, जिससे सूजन कम नजर आने लगती है।
किन अन्य लक्षणों पर दें ध्यान
किडनी से जुड़ी समस्या होने पर इन लक्षणों पर भी ध्यान देना चाहिए:
- झागदार पेशाब आना
- टखनों और पैरों में सूजन
- लगातार थकान
- ब्लड प्रेशर बढ़ना
अन्य कारण भी हो सकते हैं
हालांकि हर बार सूजन का कारण किडनी की बीमारी नहीं होता। यह समस्या नींद की कमी, एलर्जी, डिहाइड्रेशन या ज्यादा नमक खाने से भी हो सकती है।
लेकिन अगर यह परेशानी लगातार बनी रहती है, खासकर उन लोगों में जिन्हें डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या परिवार में किडनी रोग का इतिहास है, तो सतर्क रहने की जरूरत है।
Disclaimer: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या या इलाज शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।