ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भोपाल में जुलाई में जमकर बरसा मानसून, 1663 फीट पहुंचा बड़े तालाब का जलस्‍तर

भोपाल, 24 जुलाई । राजधानी भोपाल में जुलाई महीने में जमकर बारिश हुई है। 1 से 23 जुलाई तक भोपाल में 10 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। जिसकी वजह से भोपाल के बड़े तालाब का जलस्‍तर बढ़ गया है। तालाब अब सिर्फ 3.80 फीट ही खाली है। इतना पानी आने के बाद भदभदा डैम के गेट खुल जाएंगे। बड़ा तालाब में अभी पानी का लेवल 1663 फीट पहुंच चुका है, जबकि फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट है। सोमवार रात तालाब के लेवल में 0.60 फीट का इजाफा हुआ। अब जल स्तर बढ़कर 1663 फीट हो गया।

गौरतलब है कि भोपाल में मानसून की आमद 22 जून को हुई थीं। 21 जून को तालाब का लेवल 1658 फीट था। इस सीजन में भोपाल में 18.7 इंच बारिश हो चुकी है, जो सीजन की 50 प्रतिशत है। इसे मिलाकर इस सीजन में तालाब के जल स्तर में पांच फीट की बढ़ोतरी हो चुकी है। पिछले 3 दिन से कोलांस नदी 8 से 11 फीट के बीच बही। मंगलवार को जलस्तर थोड़ा कम हुआ, लेकिन सीहोर में बारिश होने से पानी की आवक बढ़ रही है। बुधवार को तालाब के जलस्तर में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

बता दें कि बड़े तालाब में 35 फीसदी पानी कोलांस नदी से तो 65 फीसदी कैचमेंट एरिया से आता है। 21 जून की शाम को भोपाल में 123.4 मिमी और सीहोर में 100 मिली मीटर से ज्यादा बारिश हुई थी। इसके बाद से अब तक भोपाल और सीहोर के कैचमेंट एरिया में बारिश का सिलसिला जारी है। बड़े तालाब के बढ़े पांच फीट पानी में से सिर्फ 35 प्रतिशत पानी कोलांस से जबकि 65 प्रतिशत कैचमेंट एरिया में हुई बारिश से आया है। अगर बड़ा तालाब फुल भर जाता है तो भदभदा डैम के गेट खोले जा सकते हैं। इसके बाद कलियासोत डैम के गेट भी खुलेंगे। बता दें कि कोलांस, बड़ा तालाब, भदभदा और कलियासोत डैम एक-दूसरे से जुड़े हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि भोपाल में इस साल सामान्य से 106 प्रतिशत बारिश हो सकती है। पिछली बार 18 प्रतिशत कम यानी, 82 प्रतिशत (30.9 इंच) बारिश हुई थी, जबकि भोपाल की सामान्य बारिश 37.6 इंच है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अबकी बार भले ही मानसून 3 दिन की देरी से पहुंचा, लेकिन अच्छा बरस रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *