ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

महाराष्ट्र के पांच जिलों में बाढ़ के हालात, एनडीआरएफ अलर्ट मोड पर

मुंबई, 24 जुलाई महाराष्ट्र में पिछले सप्ताह से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश से सूबे के पांच जिले भंडारा, कोल्हापुर, सांगली, रायगढ़, गढ़चिरौली बाढ़ की चपेट में हैं। जिला प्रशासन ने इन जिलों में नदियों के तटीय इलाकों में रहने वालों को सुरक्षित स्थल पर जाने की अपील की है। इसके साथ ही एनडीआरएफ टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। भंडारा जिले में पिछले चार दिनों से लगातार मुसलाधार बारिश होने से वैनगंगा नदी भी खतरे के निशान को पार कर गई है। इसके चलते भंडारा के पास करधा छोटे पुल पर पानी आ जाने के कारण इस पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।

लगातार बारिश के कारण भंडारा जिले के गोसेखुर्द बांध में पानी की आवक बढ़ गई है।अब गोसेखुर्द बांध पानी का भंडारण बढ़ने की वजह से बांध के 33 गेट खोल दिए गए हैं । इसके चलते बड़ी मात्रा में पानी नदी में छोड़ा जा रहा है और प्रशासन ने नदी के किनारे के गांवों को अलर्ट जारी कर दिया है। जिला प्रशासन नदी के तटीय इलाकों में रहने वालों को सुरक्षित स्थल पर स्थलांतरित भी कर रहा है। कोल्हापुर जिले में पिछले पांच दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण अब पंचगंगा नदी का जलस्तर 41 फीट तक पहुंच गया है। पंचगंगा नदी का चेतावनी स्तर 39 फीट है और खतरे का स्तर 43 फीट है। जिले में भारी बारिश से सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। कोल्हापुर-रत्नागिरी, कोल्हापुर-गगनबावड़ा हाईवे यातायात के लिए बंद हैं। पुणे-बेंगलुरु हाईवे की ओर जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया गया है।

गढ़चिरौली में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। गढ़चिरौली में पिछले 5 दिनों से बाढ़ के हालात हैं। गढ़चिरौली में लगातार बारिश और बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बारिश के कारण गढ़चिरौली में नदी, नाले और नालों में बाढ़ आ गई है। इस बाढ़ के कारण कई गांवों का संपर्क टूट गया है। हाईवे पर बाढ़ का पानी आने से 4 प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग गढ़चिरौली-चामोर्शी, गढ़चिरौली-नागपुर, आष्टी-अल्लापल्ली, अलापल्ली-भामरागढ़ बंद हो गए हैं। इन 4 हाईवे के साथ ही जिले की 12 सड़कें भी बंद हो गई हैं। बाढ़ की स्थिति के कारण जिले में तीन दिनों से सब्जी, दूध और ब्रेड जैसी आवश्यक वस्तुओं की कमी हो गयी है।

रायगढ़ जिले में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश से कुंडलिका नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। इससे नदी किनारों पर बसे लोगों को स्थलांतरित करने का काम जिला प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। सांगली नदी में कृष्णा नदी का जलस्तर भी लगातर बढ रहा है। इससे जिला प्रशासन सतर्क है।

आज सुबह से ही मुंबई में लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में जलभराव हो गया है लेकिन मुंबई नगर निगम की ओर से पंपिंग के सहयोग जलनिकासी का काम जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *