राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी पर महंत धर्मदास का सवाल, बोले- अयोग्य लोगों को संचालन सौंपने का नतीजा
- AYODHYA BREAKING NEWS CONTROVERSIES INDIA NEWS STATE TRENDING UTTAR PRADESH viral
Madhulika- June 30, 2026
- 0
- 1
- 2 minutes read
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के मामले ने साधु-संत समाज में चिंता बढ़ा दी है। इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीराम जन्मभूमि सेवा समिति के महंत आचार्य धर्मदास महाराज ने मंदिर के संचालन और चढ़ावे की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि मंदिर के प्रबंधन का जिम्मा योग्य और अनुभवी लोगों के बजाय अन्य लोगों को सौंपा जाएगा, तो ऐसी स्थितियां सामने आ सकती हैं। महंत धर्मदास ने कहा कि चढ़ावे की गिनती और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं में ऐसे लोगों को जिम्मेदारी दी गई, जिनके पास इस कार्य का अनुभव नहीं था। उनके अनुसार, इसी वजह से कथित गड़बड़ी की स्थिति उत्पन्न हुई। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर भी असंतोष जताते हुए कहा कि राम जन्मभूमि से जुड़ी प्राचीन धार्मिक परंपराओं और व्यवस्थाओं को पहले की तरह बनाए रखने की आवश्यकता है। उनका कहना था कि भगवान श्रीराम के पूजन-पाठ, रामनवमी, झूला उत्सव और अन्य पारंपरिक धार्मिक आयोजनों का संचालन उसी प्रकार होना चाहिए, जैसा वर्षों से सेवा समिति द्वारा किया जाता रहा है।
महंत धर्मदास ने बताया कि प्राचीन व्यवस्था को पुनर्स्थापित करने और परंपराओं को संरक्षित रखने के उद्देश्य से जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास केवल इतना है कि राम जन्मभूमि की सदियों पुरानी धार्मिक परंपराएं पूर्ववत जारी रहें और उनके पालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।