ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मप्र विस चुनाव: अब गोविंदपुरा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का घमासान जारी है। प्रत्याशियों के नाम का ऐलान करने के बाद से ही भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में असंतोष और विरोध सामने आया है। कांग्रेस में स्थिति ज्यादा खराब है। यहां टिकट पर खींचतान रुकने का नाम नहीं ले रही है। रोजाना असंतुष्ट कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे है। रविवार को राजधानी की गोविंदपुरा सीट पर भी कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध शुरू हो गया है। टिकट न मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

रविवार दोपहर कांग्रेस नेत्री दीप्ति सिंह के समर्थन में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंच गईं। हाथों में तख्तियां लेकर दीप्ति सिंह को टिकट देने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गईं। उन्होंने यहां गेट के बाहर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। ये सभी गोविंदपुरा सीट से रविन्द्र साहू को उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज थे। उनका कहना था कि महिला के सामने महिला को ही टिकट दिया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस ने निर्णय नहीं लिया तो आगे भी विरोध जारी रहेगा।

दरअसल इस क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी ने दिग्विजय समर्थक रवींद्र साहू झूमरवाला को टिकट दिया है। इसका दीप्ति सिंह विरोध कर रही हैं। दीप्ति को पूरी उम्मीद थी कि उन्हें टिकट मिल जाएगा। वो कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की समर्थक मानी जाती हैं। उन्होंने टिकट की आस में गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी थी। महिलाओं के बीच जाकर भजन-कीर्तन करा रही थीं। सभाओं व प्रदर्शन में सक्रिय थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *