ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लखनऊ कांग्रेस मुख्यालय में बवाल! ममता चौधरी और अजय राय के समर्थक भिड़े, BJP ने कसा तंज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को उस समय हंगामा हो गया, जब पार्टी के कार्यकर्ता नए प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए जुटे थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे ‘मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार’ करार दिया।

ममता चौधरी और अजय राय के समर्थकों के बीच विवाद

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह के दौरान अवध जोन की अध्यक्ष ममता चौधरी और अजय राय के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि ममता चौधरी की ओर से कथित तौर पर अपशब्द कहे गए, जिसके बाद अजय राय के समर्थकों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी। इस घटनाक्रम से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विवाद के बाद अजय राय ने प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद से शिकायत की। बताया जा रहा है कि उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग भी उठाई। अजय राय का कहना था कि इस तरह के विवादों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचता है। हालांकि, बाद में वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत कराया गया।

कांग्रेस मुख्यालय में हंगामे पर BJP का तंज

कांग्रेस कार्यालय में हुए विवाद को लेकर उत्तर प्रदेश बीजेपी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हंगामे का वीडियो साझा करते हुए तंज कसा।

बीजेपी ने पोस्ट में लिखा, “मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार, कांग्रेस कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय का मान मर्दन कर दिया!”

बीजेपी की इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस मुख्यालय में हुए विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरम

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता नजर आ रहा है। हाल ही में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच भी अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर जुबानी जंग देखने को मिली थी।

ऐसे में कांग्रेस मुख्यालय में हुआ यह विवाद प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर कांग्रेस के भीतर हुए घटनाक्रम को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बीजेपी इसे लेकर पार्टी पर निशाना साध रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *