ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर 27 सितम्बर को बड़ी रैली करेगा मजदूर संघ

असंगठित व संगठित क्षेत्र के लाखों श्रमिकों व कर्मचारियों की मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ 27 सितम्बर को लखनऊ के इको गार्डेन में ‘जागो सरकार-मजदूर आपके द्वार’ के नारे के साथ एक बड़ी रैली करेगा।

रैली में आंगनबाड़ी, एनएचएम, रोडवेज, विद्युत, बैंक, बीमा, रेल, बीएसएन व विभिन्न विभागों के संविदा व आउटसोर्सिंग के करीब एक लाख कर्मचारी शामिल होंगें। यह जानकारी भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री अनिल कुमार उपाध्याय ने बुधवार को नवीन मार्केट स्थित बीएमएस के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

अनिल उपाध्याय ने बताया कि विभिन्न विभागों में कार्यरत नियमित, संविदा व आउटसोर्सिंग के लाखों कर्मचारियों की समस्याएं बहुत समय से लंबित पड़ी हैं। संगठन ने कई बार इन कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के सामने रखीं लेकिन समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पाया। सभी विभागों में बड़ी संख्या में संविदा व आउटसोर्सिंग के कर्मचारी काम कर रहे हैं। इनकी कोई नियमावली न होने की वजह से इन कर्मचारियों को कभी भी नौकरी से निकाल दिया जाता है और उनको पूरा वेतन भी नहीं दिया जाता है। उनकी सामाजिक सुरक्षा भी नहीं है।

बीएमएस के प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सरकार न्यू पेंशन स्कीम की समीक्षा करने के साथ पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करे जिससे कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित हो सके। साथ ही आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को मानदेय के साथ सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाय।

मजदूर संघ के प्रदेश संगठन मंत्री राम निवास सिंह ने कहा कि हम राजनीति से प्रेरित नहीं हैं। राष्ट्र, श्रम व कर्मचारियों के हितों के लिए हम आन्दोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश सरकार से मांग करते हैं कि हमारी मांगों को पूरा करें, नहीं तो 27 को हम एक बड़ी रैली कर रहे हैं। इसके बाद भी यदि सरकार ने हमारी मांगें नहीं मानी तो हम प्रदेशव्यापी आन्दोलन करेंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री सुरेश यादव, जिलाध्यक्ष मिथिलेश शुक्ला व एनएचएम के प्रदेश महामंत्री योगेश उपाध्याय मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *