ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

‘एक कचौड़ी, दो समोसा, समाजवादी पार्टी पर ही है भरोसा’, सपा कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर चर्चा में

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इसी बीच लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगे कुछ पोस्टर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गए हैं। इन पोस्टरों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ व्यापारिक समुदाय से जुड़े संदेश और दिलचस्प नारे लिखे गए हैं।

एक पोस्टर पर लिखा है, ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, समाजवादी पार्टी पर ही है भरोसा।’ पोस्टर में अखिलेश यादव को दूध के डिब्बों से लदी साइकिल के साथ दिखाया गया है। पोस्टर के जरिए दूध कारोबारियों और हलवाई समाज के बीच एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई है।

सपा कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर में क्या लिखा है?

दरअसल, लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टरों में अलग-अलग नारे लिखे गए हैं। एक पोस्टर पर संदेश दिया गया है, ‘मिले दो व्यापारी भाई, एक दूध वाले दूसरे मिठाई वाले हलवाई।’ इसके आगे लिखा है, ‘दूध वाले और हलवाई दोनों हैं सगे भाई।’

पोस्टर में अखिलेश यादव को दूध के डिब्बों से भरी साइकिल के साथ दर्शाया गया है। वहीं, प्रकाश गुप्ता (यज्ञसेनी) को यज्ञसेनी वैश्य हलवाई समाज के प्रतिनिधि के तौर पर दिखाया गया है। पोस्टर पर ‘पीडीए की हवा है, पीडीए सपा है’ का नारा भी लिखा है।

इन पोस्टरों के जरिए समाजवादी पार्टी के समर्थन में सामाजिक और कारोबारी वर्गों को जोड़ने का संदेश देने की कोशिश दिखाई दे रही है।

सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट शेयरिंग पर पेच

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावनाओं पर बातचीत चल रही है। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी सहमति नहीं बन पाई है।

सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, शुरुआती बातचीत में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है, जबकि कांग्रेस की ओर से 120 सीटों की मांग किए जाने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस इससे कम सीटों पर सहमत नहीं है। हालांकि, सीटों को लेकर अभी कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है।

दोनों दलों के नेताओं के बीच बातचीत जारी है और सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियां किस नतीजे पर पहुंचती हैं।

यूपी की सत्ता में वापसी की कोशिश में सपा

समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है। पार्टी को 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सपा संगठन को मजबूत करने और अलग-अलग सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश में जुटी है।

लखनऊ में पार्टी कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों को भी इसी राजनीतिक माहौल के बीच देखा जा रहा है। अब इन नारों और पोस्टरों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *