AAP Foundation Day: 14वें स्थापना दिवस पर केजरीवाल का बड़ा बयान, मोगा रैली में भगवंत मान के साथ होंगे शामिल
आम आदमी पार्टी (AAP) आज अपना 14वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी की ओर से पंजाब के मोगा में मेगा रैली आयोजित की जा रही है। रैली में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक मंच पर नजर आ सकते हैं। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इस आयोजन को पार्टी की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
रैली से पहले अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पार्टी के सफर, राजनीतिक उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी।
‘हम पर बहुत से सवाल खड़े हुए थे’ – अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने बहुत कम समय में लंबा सफर तय किया है। जब पार्टी की शुरुआत हुई थी, तब कई लोगों ने सवाल उठाए थे कि यह पार्टी कितने दिन टिकेगी और राजनीति में क्या कर पाएगी।
केजरीवाल के मुताबिक, पार्टी न केवल अपने सफर में आगे बढ़ी, बल्कि उसे देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों का समर्थन और विश्वास भी मिला। उन्होंने दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने के साथ जम्मू-कश्मीर, गोवा और गुजरात में पार्टी को मिले समर्थन का भी जिक्र किया।
‘हमने राजनीति को बदल दिया’ – केजरीवाल
AAP संयोजक ने कहा कि उनकी पार्टी ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर काम की राजनीति की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने राजनीति के दबाव में अपनी दिशा नहीं बदली, बल्कि राजनीति में बदलाव लाने का प्रयास किया।
केजरीवाल ने यह भी कहा कि देश के लिए अभी बहुत काम करना बाकी है और पार्टी न तो डरेगी और न ही पीछे हटेगी। उन्होंने स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शुभकामनाएं दीं।
मोगा में AAP की मेगा रैली, 2027 चुनाव पर रहेगी नजर
पंजाब के मोगा में होने वाली मेगा रैली में अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ पार्टी के घोषित उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना है। पार्टी की ओर से राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से समर्थकों और हलका इंचार्जों को रैली में पहुंचने का आह्वान किया गया है।
रैली में मान सरकार की ओर से अपने पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किए जाने की बात कही गई है। मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों के लिए भी पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
इस आयोजन के जरिए आम आदमी पार्टी पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी तैयारियों और सरकार के कामकाज को जनता के सामने रखने की कोशिश करेगी। रैली में किसी बड़े ऐलान की संभावना पर भी राजनीतिक नजरें बनी हुई हैं।
