• June 22, 2026

कर्नाटक कांग्रेस कार्यक्रम में हंगामा: ‘डीके-डीके’ नारे पर भड़के मल्लिकार्जुन खरगे, कार्यकर्ताओं को लगाई फटकार

नई दिल्ली/कर्नाटक: कर्नाटक में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गर्म हो गया जब मंच पर ‘डीके-डीके’ के नारे लगने लगे। यह घटना राज्य इकाई के नए अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हुई, जहां मौजूद कार्यकर्ताओं की नारेबाजी से कार्यक्रम का संतुलन बिगड़ गया। नारेबाजी बढ़ने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह पार्टी का कार्यक्रम है, किसी एक नेता का नहीं। खरगे ने नाराजगी जताते हुए कार्यकर्ताओं को चुप रहने और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी बीच में खड़े होकर कार्यकर्ताओं को शांत रहने का इशारा करते नजर आए, लेकिन तब तक माहौल काफी गर्म हो चुका था। खरगे ने मंच से कहा कि पार्टी की बैठकों में इस तरह की नारेबाजी अनुशासनहीनता है और इससे संगठन की छवि प्रभावित होती है। खरगे ने तीखे शब्दों में कहा कि ऐसे व्यवहार से यह प्रतीत होता है जैसे कुछ लोग पार्टी से ऊपर खुद को समझने लगे हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया गया है और अनुशासन तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी ही कार्यकर्ताओं की पहचान है और संगठन की एकता सर्वोपरि है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी तरह की गुटबाजी या व्यक्तिगत नारेबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री शिवकुमार भीड़ को शांत करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। गौरतलब है कि कर्नाटक कांग्रेस पिछले कुछ समय से आंतरिक खींचतान और नेतृत्व को लेकर चर्चा में रही है। 2023 विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद से ही सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर राजनीतिक समीकरण बदलते रहे हैं। बाद में हुए बदलावों के बाद शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिली, जिससे राज्य की राजनीति में कई बार हलचल देखी गई है। फिलहाल पार्टी नेतृत्व इस तरह की घटनाओं से बचने और संगठन में अनुशासन बनाए रखने पर जोर दे रहा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *