ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

प्रश्नपत्रों की शुचिता बनाए रखना केन्द्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी, गड़बड़ी पर एफआईआर

 संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा नौ जून को होना प्रस्तावित है। जनपद में नकलविहीन शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सम्बन्धित मजिस्ट्रेटों, केन्द्र व्यवस्थापकों व प्रधानाचार्यो को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर केन्द्र व्यवस्थापक के अतिरिक्त किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल ले जाना पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा। परीक्षा केन्द्र के 500 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट, कम्प्यूटर व साइबर कैफे की दुकानें बन्द रहेंगी। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराना व प्रश्नपत्रों की शुचिता को बनाए रखना प्रत्येक केन्द्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी होेन पर सम्बन्धित के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी (वि/रा) शिव प्रताप शुक्ल ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए बोर्ड की ओर से उपलब्ध कराई गई हस्तपुस्तिका का भली-भांति अध्ययन कर लें। उन्होनें बताया कि नौ जून को दो पालियों में जनपद के चार परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा सम्पन्न कराई जाएगी। प्रथम पाली सुबह नौ बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह दो बजे से पांच बजे तक सम्पन्न होगी।

परीक्षा प्रारम्भ होने के एक घण्टा पूर्व दिलाया जाएगा प्रवेश

अपर जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने परीक्षा केन्द्र पर समय से पहुंचे। परीक्षा केन्द्र के अन्दर परीक्षा प्रारम्भ होने के एक घण्टा पूर्व से प्रवेश दिलाया जाएगा परन्तु सुबह नौ बजे से प्रारम्भ होने वाली परीक्षा में साढ़े नौ के बाद एवं दो बजे प्रारम्भ होने वाली परीक्षा में ढ़ाई बजे के बाद किसी को भी परीक्षा केन्द्र अन्दर प्रवेश नहीं कराया जाएगा। परीक्षा केन्द्र के अन्दर कोई भी परीक्षार्थी किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक सामान नहीं ले जा सकेगा। प्रत्येक परीक्षार्थी को अपने प्रवेश पत्र के साथ एक फोटोयुक्त अन्य पहचान पत्र तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा।

उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त शुद्ध पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था कराई जाए तथा परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए भी परीक्षा केन्द्र के बाहर शुद्ध पेयजल, टैकर अथवा जार रखकर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए।

डीएफएमबी से होकर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करेंगे परीक्षार्थी

अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस की व्यवस्था रहेगी। महिला परीक्षार्थियों की चेकिंग के लिए गेट पर महिला पुलिस तथा पुरूष परीक्षार्थियों के लिए पुरूष पुलिस चेकिंग के लिए तैनात की जाएगी। उन्होेंने कहा कि परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने वाले परीक्षार्थियों को डीएफएमबी से होकर गुजरना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *