सोनभद्र में झाड़ियों से मिला मानव कंकाल, इलाके में सनसनी; पहचान के लिए जांच में जुटी पुलिस
सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में एक मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह कंकाल डाला चौकी क्षेत्र के बाड़ी स्थित हरियाणा स्टोन क्रशर प्लांट के पीछे कौवा नाला के पास झाड़ियों में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय चरवाहा रोज की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए इलाके में गया था। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों में पड़े बिखरे हुए मानव कंकाल पर पड़ी। कंकाल देखकर वह घबरा गया और तुरंत आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। मानव कंकाल मिलने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए कंकाल की हड्डियों को कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध और रहस्यमय प्रतीत हो रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई। कंकाल की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर डीएनए जांच समेत अन्य वैज्ञानिक परीक्षण भी कराए जाएंगे। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और कंकाल की पहचान तथा मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।