ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बीजेपी से लोग तंग हो चुके है, अब बदलाव आएगा: प्रियंका गांधी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं फायर ब्रांड नेत्री प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार थमने के अंतिम दिन गुरुवार को सिरसा पहुंची। यहां पर उन्होंने इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा के लिए रोड शो में हिस्सा लिया। करीब एक घंटा 10 मिनट तक चिलचिलाती धूप में प्रियंका गांधी लगातार लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा के चुनाव को और अधिक मजबूती प्रदान करने में सफल रही।

रोड शो की शुरुआत श्री श्याम बगीची अनाज मंडी से हुई। इसके बाद जनता भवन, जगदेव सिंह चौक, सुभाष चौक, भगत सिंह चौक, परशुराम चौक, अंबेडकर चौक तक रोड शो चला। रोड शो के दौरान हजारों लोगों की भीड़ उमड़ने से सिरसा शहर की सड़के जाम हो गई। तेज धूप व गर्मी के बावजूद रोड शो की रफ्तार मंद थी और जोश से लबरेज लोग आगे भी बढ़ नहीं पा रहे थे। इसलिए रोड शो को अंबेडकर चौक पर ही समाप्त करना पड़ा। हालांकि, लालबत्ती चौक से इसे आगे चलकर सांगवान चौक तक जाना था, लेकिन हीट वेव की चेतावनी के मद्देनजर जनता के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए रोड शो को पहले ही अंबेडकर चौक पर समाप्त कर दिया गया।

रोड शो के दौरान विशेष रूप से तैयार किए गए वाहन पर सबसे आगे प्रियंका गांधी खड़ी थी, जबकि उनके बाई ओर कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा व दाईं ओर पूर्व मंत्री किरण चौधरी खड़ी थी। लोकसभा चुनाव के दौरान यह पहला मौका रहा, जब प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार के लिए हरियाणा में आई थीं। वे सबसे पहले सिरसा आई और बतौर स्टार प्रचारक पार्टी की ओर से एक मात्र रोड शो में शिरकत की।

प्रियंका गांधी की मौजूदगी में रोड शो के दौरान राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की यादें भी ताजा हो गई। इसकी वजह रोड शो में चलाया जा रहा थीम सॉन्ग बना। जो थीम सॉन्ग चलाया जा रहा था, वह भारत जोड़ो यात्रा का भी रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी के खिलाफ लहर है। पूरे देश में अंडर करंट है। लोग इनकी (मोदी-भाजपा) राजनीति से थक चुके हैं। ये सत्ता की राजनीति करते हैं, सत्ता के लिए ये कुछ भी कर सकते हैं। ये जनता को नकारने वाली राजनीति है। देश में बेरोजगारी बहुत हो चुकी है, महंगाई बहुत हो चुकी है, लोग थक चुके हैं। देश में बदलाव जरूर आएगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि हरियाणा में भी परिवर्तन तय है। प्रदेश की सभी सीटों पर कांग्रेस भारी बहुमत से विजय हासिल करेगी। वे रोड शो के बाद कुछ पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उनके साथ सिरसा लोकसभा से कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा भी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *