ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पलामू के बकोइया में हाथियों ने चौथी बार फसल किया बर्बाद, किसान बेबस

जिला मुख्यालय मेदिनीनगर सदर प्रखंड क्षेत्र के सरजा पंचायत अंतर्गत बकोइया गांव में हाथियों ने चौथी बार उत्पात मचाया। किसानों की फसल नष्ट कर दी। हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनकर लोग घरों में दुबक गए। प्रभावित किसानों ने शनिवार को बताया कि अभी तक चार बार हाथियों द्वारा खेतों में आकर गेहूं और सरसों फसल को नुकसान पहुंचाया गया है। खाने के बाद पैरों से रौंद डाला गया है। करीब पांच एकड़ में लगी फसल नष्ट हो गई है।

कुंदरी रेंज के वनरक्षी सह वनपाल प्रमोद कुमार ने बताया कि फसल नष्ट करने की सूचना के उपरांत गांव में जाकर लोगों में फसल मुआवजा के लिए फार्म का वितरण किया गया है। फॉर्म मिलने के बाद गांव में जाकर फसल का सर्वेक्षण किया जाएगा। पटाखे एवं अन्य सामान हाथी भगाने के लिए दे दिया जाएगा।

ग्रामीणों द्वारा हाथी को भगाने के लिए थाली तथा टीन पीट कर हल्ला भी किया जाता रहा। किसान गोविंद प्रजापति ने कहा कि बीते रविवार, मंगलवार और गुरुवार के बाद शुक्रवार रात्रि 12 बजे से अहले सुबह 3 बजे तक हाथी खेतों में उत्पात मचाते रहे और खड़ी फसलों को रौंद डाला। हाथियों ने गांव की सड़क को कॉरिडोर के रूप में आने जाने का रास्ता बना लिया है। हाथियों के आने जाने के कारण हर समय लोगों में भय व्याप्त रहता है।

किसान बुलाकी पाल ने कहा कि अब हमलोग जाएं तो जाएं कहां? महंगे खाद-बीज और कड़ी मेहनत करके फसल उपजाया गया है लेकिन असमय हाथियों द्वारा फसल को नष्ट कर देने से उनके अरमानों पर पानी फिर गया है। मुंशी पाल ने कहा कि हाथियों द्वारा फसल रौंदे जाने के समय ऐसा लग रहा था कि जैसे उसके कलेजे को ही हाथी अपने पैरों से रौंदा जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *