ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

विपक्ष के झूठे प्रचार का गली-मोहल्ले व सोशल मीडिया पर देना होगा जवाब: मनोहर लाल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पार्टी के सभी विधायकों व सांसदों को निर्देश जारी किए हैं कि वह 25 दिनों का एक कार्यक्रम तय करके प्रदेश के सभी गांवों में जाकर जनसंवाद कार्यक्रम करें। इसके लिए भाजपा संगठन की तरफ से कार्यक्रम तैयार करके जारी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने आवास पर भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का स्वागत करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, सहकारिता मंत्री बनवारी लाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा, विधायक असीम गोयल व सुभाष सुधा समेत कई जिलों के अध्यक्ष मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय हमारे सामने बड़ी चुनौती विपक्ष द्वारा किया जा रहा झूठा प्रचार है। इस प्रचार की काट कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, गली-मोहल्ले में जाकर करनी होगी। सोशल मीडिया के माध्यम से भी इसका जवाब दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक करीब एक हजार गावों में कार्यक्रम हो चुके हैं लेकिन दीपावली के तुरंत बाद एक रणनीति बनाकर प्रदेश के करीब 5500 गावों में जनसंवाद किया जाएगा।

अगले महीने निकाय चुनावों का संकेत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में लोकसभा से पहले स्थानीय निकायों के चुनाव भी हो सकते हैं। प्रदेश की तीन नगर निगमों के चुनाव अगले माह घोषित हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने नायब सैनी को आश्वासन दिया कि संगठन के कामों में उन्हें सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।

ओम प्रकाश धनखड़ को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाए जाने की कार्रवाई को सीएम ने संगठन की सहज प्रक्रिया करार देते हुए कहा कि धनखड़ ने अपने कार्यकाल के दौरान संगठन के लिहाज से कई अहम काम किए हैं। प्रदेश में तीन लाख पंजीकृत पन्ना प्रमुखों की टीम तैयार करना सबसे बड़ा व उल्लेखनीय कार्य है।

अब संगठनात्मक मंच पर हरियाणा की आवाज को उठाने के लिए ओम प्रकाश धनखड़ मौजूद रहेंगे। हाईकमान ने चुनाव के मद्देनजर हरियाणा से पहले चंडीगढ़ व पंजाब समेत कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों को बदला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नवंबर को करनाल में गृहमंत्री अमित शाह पहुंच रहे हैं। नायब सैनी के अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली जनसभा होगी। इसके बाद हरियाणा भाजपा के सभी कार्यकर्ता पहले से अधिक जोश के साथ फील्ड में दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *