Delhi Government Hostel: दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, 10 हजार छात्रों के लिए बनेंगे हॉस्टल; लड़के-लड़कियों दोनों को मिलेगी सुविधा
दिल्ली सरकार ने छात्रों की हॉस्टल संबंधी समस्या को दूर करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार दिल्ली में 10 हजार छात्रों की क्षमता वाले हॉस्टल बनाने की योजना पर काम कर रही है। इन हॉस्टलों में दिल्ली के किसी भी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र रह सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को एक बड़े शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सिर्फ कॉलेज और विश्वविद्यालय होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास की व्यवस्था करना भी जरूरी है।
लड़के और लड़कियों दोनों के लिए होगी सुविधा
रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रस्तावित हॉस्टल लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए बनाए जाएंगे। खास बात यह होगी कि किसी एक विश्वविद्यालय तक इनकी सुविधा सीमित नहीं रहेगी।
दिल्ली के किसी भी विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ने वाला विद्यार्थी इन हॉस्टलों में रहने की सुविधा ले सकेगा। सरकार ने हॉस्टल निर्माण के लिए अलग-अलग विभागों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं और संभावित स्थानों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, हॉस्टल को लेकर पॉलिसी तैयार करने का काम भी शुरू हो चुका है।
छात्रों की जरूरतों का रखा जाएगा ध्यान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हॉस्टल में छात्रों को उनकी जरूरत के मुताबिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य ऐसे हॉस्टल तैयार करना है, जहां दूसरे राज्यों से दिल्ली पढ़ने आने वाले छात्र सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में रह सकें।
उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को दिल्ली में निश्चिंत होकर छोड़ सकें और छात्रों को रहने, खाने जैसी बुनियादी चिंताओं से मुक्त होकर अपनी पढ़ाई और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिले।
सत्य निकेतन हादसे के बाद हॉस्टल और PG पर बढ़ा फोकस
दिल्ली सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब हाल ही में सत्य निकेतन में एक इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई थी। जिस इमारत में हादसा हुआ, वहां PG संचालित था और कई छात्र वहां रह रहे थे।
हादसे के बाद दिल्ली में अवैध और नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही इमारतों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई। प्रशासन की ओर से कई संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
41 जगहों पर चला था बुलडोजर, 61 संपत्तियां सील
सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD ने भी बड़े स्तर पर अभियान चलाया था। इस कार्रवाई के दौरान 41 स्थानों पर बुलडोजर चलाया गया और 61 संपत्तियों को सील किया गया था।
ऐसे में सरकार की ओर से 10 हजार छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती हॉस्टल उपलब्ध कराने की घोषणा को छात्रों के लिए अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, हॉस्टल निर्माण की समयसीमा, स्थान और किराए से जुड़ी विस्तृत जानकारी पॉलिसी तैयार होने के बाद सामने आएगी।