ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चोटिल मोहम्मद शमी दक्षिण अफ्रीका टेस्ट से बाहर; एकदिनी श्रृंखला से हटे दीपक चाहर

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को उक्त जानकारी दी। इसके अलावा तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने पारिवारिक चिकित्सा आपातकाल के कारण आगामी एकदिवसीय श्रृंखला से नाम वापस ले लिया है। बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप चाहर की जगह लेंगे।

शमी की अनुपस्थिति दक्षिण अफ्रीका में अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीतने की कोशिश कर रहे भारत के लिए एक बड़ा झटका है। उन्होंने केवल 64 टेस्ट मैचों में 27.71 की बहुत अच्छी औसत से 229 विकेट लिए हैं और 2021-22 में अपनी पिछली यात्रा पर टीम के अग्रणी विकेट लेने वाले गेंदबाज थे, उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में 21 की औसत से 14 विकेट लिए थे।

हालांकि बीसीसीआई ने शमी के प्रतिस्थापन की घोषणा नहीं की है, क्योंकि टीम के पास उनकी जगह लेने के लिए पांच तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, शार्दुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा हैं।

बीसीसीआई की एक विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर जोहान्सबर्ग में सिर्फ शुरुआती एकदिवसीय मैच का हिस्सा होंगे और टेस्ट से पहले इंट्रा-स्क्वाड रेड-बॉल अभ्यास मैच में हिस्सा नहीं लेंगे।

इस बीच, राहुल द्रविड़ के नेतृत्व में पारस म्हाम्ब्रे (गेंदबाजी कोच), विक्रम राठौड़ (बल्लेबाजी कोच) और टी. दिलीप (क्षेत्ररक्षण कोच) का कोचिंग स्टाफ एकदिवसीय श्रृंखला का हिस्सा नहीं होगा। इसके बजाय वह लाल गेंद अभ्यास मैच और टेस्ट श्रृंखला की तैयारियों की देखरेख करेंगे।

वनडे टीम की देखरेख ‘ए’ टीम स्टाफ द्वारा की जाएगी जिसमें बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, गेंदबाजी कोच राजीब दत्ता और क्षेत्ररक्षण कोच अजय रात्रा शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *