• June 2, 2026

फाजिल नगर का बदलेगा नाम, अब ‘पावागढ़’ के नाम से जाना जाएगा: कुशीनगर में CM योगी का बड़ा ऐलान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर दौरे के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए फाजिल नगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक की मांग को स्वीकार कर लिया गया है और अब इस क्षेत्र को नए नाम से जाना जाएगा।

कुशीनगर के फाजिल नगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “हम इसे फाजिल क्यों कहें? अब यह क्षेत्र पावागढ़ के नाम से जाना जाएगा।” उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रहे थे, जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि जैसे प्रदेश में माफिया राज समाप्त हुआ है, उसी तरह इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। सीएम योगी ने कहा, “हमने मच्छरों के साथ-साथ माफिया को भी खत्म किया है। मच्छर बीमारियां लाते थे और माफिया बेरोजगारी और भय का माहौल पैदा करता था।”

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष से कम उम्र के लोग शायद उस दौर को नहीं जानते, जब प्रदेश में अपराध, दंगे और अराजकता का माहौल था। योगी ने कहा कि कुशीनगर उन जिलों में शामिल था जो सबसे ज्यादा प्रभावित थे। किसान परेशान थे, सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था तथा अपराधियों और माफियाओं का दबदबा बना हुआ था।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिली है।

सीएम योगी ने बताया कि कुशीनगर को अब अपना मेडिकल कॉलेज मिल चुका है और इसी शैक्षणिक सत्र से कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का संचालन भी शुरू किया जाएगा। इसके अलावा, सरकार ने जिले में लगभग 90 हजार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए हैं, जबकि 3.14 लाख से अधिक परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण कराया गया है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *