ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भाजपा का सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर पलटवार

लखनऊ, 15 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। लगातार महाकुम्भ को लेकर बयानबाजी कर रहे सपा प्रमुख को निशाने पर लेते हुए भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि महाकुम्भ में अब तक लगभग 50 करोड़ से अधिक सनातनियों ने त्रिवेणी संगम में पावन स्नान किया है ।

श्री चौधरी ने कहा कि लगातार मिल रही सियासी हार और इनका छिटकता वोटबैंक सपा प्रमुख को परेशान करने लगा है इसलिए वो यहां वहां की बातें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बीते आठ साल में विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। सपा, बसपा और कांग्रेस के पंजे से निकालकर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में अद्वितीय कार्य हुए हैं। ये प्रदेश अब उद्योग प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। अखिलेश यादव निवेश पर सवाल उठाते हैं, इन्हें तो खुश होना चाहिए कि प्रदेश में 40 लाख करोड़ से ज्यादा का इन्वेस्टमेंट आ रहा है। यही नहीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी करके हमारी सरकार ने 10 लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश धरातल पर उतारने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में शीर्ष पायदान पर है। हमने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज देने का काम किया था, मगर इन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया देकर पूरे प्रदेश को जंगलराज के हवाले कर दिया था। आज यूपी में माफिया साफ हो चुके हैं, महिलाएं और व्यापारी सुकून की सांस ले रहे हैं। प्रदेश के बड़े महानगरों में कमिश्नरेट सिस्टम लागू करके कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य किया गया है। हमारी पुलिस का मनोबल न सिर्फ ऊंचा हुआ है बल्कि उसकी क्षमता में भी लगातार वृद्धि करके प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया गया है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ये महाकुम्भ विरासत के सम्मान का श्रेष्ठ उदाहरण है। यहां प्रदेश सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं की देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लोग तारीफ कर रहे हैं, मगर अखिलेश यादव को सनातन के इस बढ़ते गौरव से पीड़ा हो रही है। उनकी पीड़ा को उत्तर प्रदेश की जनता बखूबी समझ चुकी है। शायद यही वजह है कि एक के बाद एक हो रहे कई चुनावों में अखिलेश और इनके साथी-बाराती सब जनता द्वारा धूल में मिलाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *