ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

संदेशखाली में पुलिस कैंप पर हमला, गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल

ईडी के बाद अब पुलिस कैंप पर संदेशखाली में हमला हुआ है। आरोप है कि सोमवार देर रात बदमाशों ने शितुलिया में पुलिस कैंप पर हमला कर दिया जिसमें एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। संदेशखाली थाने की पुलिस ने इस घटना में शामिल होने के संदेह में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना को देखते हुए मंगलवार सुबह से चौकसी बढ़ा दी गई है।

मालूम हो कि संदेशखाली थाना क्षेत्र के खुलना ग्राम पंचायत के शितुलिया में पुलिस कैंप है। इस साल पांच जनवरी की घटना के बाद से ही संदेशखाली के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गयी है। रात भर वहां पहरा बैठा है। सोमवार रात में भी पुलिस कर्मी पहरा दे रहे थे। कथित तौर पर बदमाशों के एक समूह ने देर रात शितुलिया में पुलिस कैंप पर हमला कर दिया। रात 11 बजे के बाद कुछ बदमाशों ने पुलिस चौकी में घुसकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। जिसमें संदीप साहा नामक एक कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि उन्हें लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया।

घायल अवस्था में संदीप साहा को पहले संदेशखाली स्थित खुलना अस्पताल ले जाया गया। उनके सिर पर चोट लगी थी। जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कोलकाता के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, संदीप की शारीरिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। इस घटना में संदेशखाली थाने की पुलिस तीन लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पुलिस कैंप पर हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर रही है। शितुलिया पुलिस कैंप की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *