• June 9, 2026

INDIA बैठक के बाद NDA की बड़ी तैयारी, कल भारत मंडपम में होगी अहम बैठक; 12 साल के कार्यकाल पर मंथन

नई दिल्ली: विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद अब सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने भी बड़ी राजनीतिक बैठक बुला ली है। NDA की अहम बैठक बुधवार दोपहर 3:00 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में गठबंधन के सभी प्रमुख नेता, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और घटक दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

बताया जा रहा है कि बैठक में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर उपलब्धियों, भविष्य की रणनीति और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

मोदी सरकार के 12 साल पूरे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार ने जून 2026 में केंद्र की सत्ता में अपने 12 साल पूरे कर लिए हैं। नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 9 जून 2024 को उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला।

9 जून 2026 तक प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 4,398 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने चुनाव जीतकर लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने के मामले में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।

नेहरू के रिकॉर्ड से आगे निकले मोदी

इस उपलब्धि के साथ नरेंद्र मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

हालांकि पंडित नेहरू 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक कुल 6,130 दिनों तक प्रधानमंत्री रहे, लेकिन 1952 के पहले आम चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल 4,397 दिन (12 साल 14 दिन) का माना जाता है। इस हिसाब से मोदी ने यह आंकड़ा पार कर लिया है।

NDA बैठक के चलते NCP ने बदला कार्यक्रम

इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने भी बड़ा फैसला लिया है। पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने जानकारी दी कि 10 जून को प्रस्तावित पार्टी का 27वां स्थापना दिवस समारोह अब 11 जून को आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि NDA की राष्ट्रीय बैठक के कारण कार्यक्रम की तारीख बदली गई है। अब यह समारोह मुंबई के षण्मुखानंद हॉल में दोपहर 2 बजे आयोजित होगा।

सुनेत्रा पवार भी होंगी शामिल

दिल्ली में होने वाली NDA बैठक में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। पार्टी नेताओं के मुताबिक, यह बैठक राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि इसमें आने वाले समय की रणनीति और गठबंधन की मजबूती पर चर्चा होगी।

अजित पवार की स्मृति को समर्पित होगा कार्यक्रम

NCP इस बार अपना स्थापना दिवस एक खास थीम ‘समर्पण, संघर्ष और संकल्प’ के तहत मनाने जा रही है। पार्टी नेतृत्व के अनुसार, यह आयोजन दिवंगत नेता अजित पवार की स्मृति और उनके राजनीतिक आदर्शों को समर्पित रहेगा।

अजित पवार के निधन के बाद पहली बार पार्टी स्थापना दिवस आयोजित कर रही है। उनके निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने संगठन की कमान संभाली और पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभा रही हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *