October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के बीच आकाशवाणी भवन पहुंचे राहुल गांधी-प्रियंका, बोले- ‘उन्हें खत्म करने जा रहे हैं’

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में INDIA गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति अचानक दिलचस्प हो गई, जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर पहुंच गए।

आकाशवाणी परिसर के अंदर से राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “हम न सिर्फ उनका मुकाबला करेंगे, बल्कि उन्हें खत्म करने जा रहे हैं। हमारे देश के साथ जो किया गया है, वह देशद्रोह है। कोई भी बच नहीं पाएगा।”

राहुल गांधी ने दावा किया कि मंगलवार को हुए विरोध प्रदर्शन में विपक्ष के करीब 300 सांसद शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाने से रोका जा रहा है।

प्रदर्शन के बीच आकाशवाणी भवन पहुंचे राहुल-प्रियंका

चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचने से अचानक घटनाक्रम बदल गया। प्रदर्शन कर रहे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लेकर अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में भेजना शुरू कर दिया था।

इसी बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर पहुंच गए। कुछ देर के लिए वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों में भी असमंजस की स्थिति देखने को मिली।

केसी वेणुगोपाल और पवन खेड़ा भी पहुंचे

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के आकाशवाणी भवन पहुंचने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल और पवन खेड़ा भी परिसर के अंदर चले गए। इनके अलावा कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और यूथ कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी के भी आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचने की जानकारी सामने आई।

आकाशवाणी परिसर में धरने पर बैठे विपक्षी नेता

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि INDIA गठबंधन के सांसदों ने सुबह चुनाव आयोग की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक रोक दिया।

पवन खेड़ा के मुताबिक, इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता चुनाव आयोग कार्यालय के पास स्थित आकाशवाणी परिसर के अंदर धरने पर बैठ गए।

विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर उनकी चिंताओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.