October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चुनाव आयोग विवाद पर संबित पात्रा का राहुल गांधी पर हमला, बोले- बीजेपी की मदद ज्ञानेश नहीं, गणेश जी कर रहे हैं

नई दिल्ली: चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के सांसदों के विरोध मार्च से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मदद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार नहीं, बल्कि भगवान गणेश कर रहे हैं।

संबित पात्रा ने कहा, “हमारी मदद ज्ञानेश जी नहीं कर रहे हैं, हमारी मदद गणेश जी कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की मदद ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी कर रहे हैं। बुद्धि, विद्या, ज्ञान और विवेक के देवता गणेश जी हैं।”

‘जनता जानती है किसे वोट देना है’

फॉर्म-6 को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर संबित पात्रा ने कांग्रेस और राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने कहा कि देश की जनता के पास बुद्धि, विवेक और ज्ञान है और वह अच्छी तरह जानती है कि किसे वोट देना है।

बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि जनता परिवारवाद, भ्रष्टाचार और आतंकवादियों के साथ खड़े होने वालों को वोट नहीं देना चाहती। उन्होंने कहा कि वोट उसी को दिया जाना चाहिए जो देश को मजबूत रखने और झुकने न देने की बात करता है।

Form-6 को लेकर क्या बोले संबित पात्रा?

संबित पात्रा ने कहा कि कुछ समय पहले सुप्रीम कोर्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर याचिका दाखिल की गई थी। उनके मुताबिक, सोमवार दोपहर बाद अदालत की ओर से फैसला सुनाए जाने और नोटिस जारी किए जाने के बाद राहुल गांधी ने सवाल उठाए।

उन्होंने चुनाव आयोग के हवाले से कहा कि Form-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एसआईआर यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए Form-6 के साथ एक अतिरिक्त घोषणापत्र जोड़ा गया है।

‘पिछले कुछ समय से चुनाव आयोग पर हो रहे हमले’

बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से संवैधानिक संस्थाओं और देश की विभिन्न संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर भारतीय सेना, सुप्रीम कोर्ट, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, हिंदू समाज और ईवीएम को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

संबित पात्रा ने आशंका जताई कि कांग्रेस और विपक्षी दल आज भी अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पिछले कई महीनों से लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है।

उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक लॉन्चिंग को लेकर भी तंज कसा और कहा कि कांग्रेस लंबे समय से उन्हें लॉन्च और री-लॉन्च करने की कोशिश कर रही है, लेकिन सफल नहीं हुई। पात्रा ने आरोप लगाया कि अब कांग्रेस और उसके सहयोगी लोकतंत्र पर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं।

चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का मार्च

वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और एसआईआर को रद्द करने की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसदों ने संसद मार्ग से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकालने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने सांसदों को निर्वाचन सदन की ओर बढ़ने से रोक दिया।

मार्च रोके जाने के बाद विपक्षी सांसद सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे और बाद में नीति आयोग के दफ्तर के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में भी लिया गया।

इसी दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा कुछ अन्य समर्थकों के साथ आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हो गए और वहां एक पेड़ के नीचे बैठ गए। विपक्ष का यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को वापस लेने की मांग को लेकर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.