भारत के दो एयरपोर्ट दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट की सूची में शामिल, इजरायली राजदूत बोले- जल्द इजरायल में भी बनाएं भारतीय कंपनियां एयरपोर्ट
भारत के बुनियादी ढांचे के विकास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। देश के दो एयरपोर्ट—गुवाहाटी का लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट—को ‘दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट 2026’ की सूची में शामिल किया गया है।
इस उपलब्धि पर भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने खुशी जताते हुए उम्मीद जाहिर की है कि भारतीय कंपनियां जल्द ही इजरायल में भी एयरपोर्ट निर्माण का काम करेंगी।
रूवेन अजार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारत के इजरायल स्थित दूतावास की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “उम्मीद है कि जल्द ही भारतीय कंपनियां इजरायल में भी एक एयरपोर्ट का निर्माण करेंगी।”
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय एयरपोर्ट डिजाइन और निर्माण क्षमता को वैश्विक स्तर पर सराहना मिल रही है।
इजरायल में भारतीय दूतावास ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों भारतीय एयरपोर्टों को प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिला है। दूतावास ने कहा कि भारत अब केवल एयरपोर्ट नहीं बना रहा, बल्कि ऐसे आधुनिक स्मारक तैयार कर रहा है जो वैश्विक पहचान हासिल कर रहे हैं।
दूतावास ने इसे भारत में तेजी से हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का प्रमाण बताया।
लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 को इस सूची में तीसरा स्थान मिला है।
आर्किटेक्चरल डाइजेस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इस टर्मिनल का डिजाइन वास्तुकार नूरू करीम ने बांस ऑर्किड (Bamboo Orchid) से प्रेरित होकर तैयार किया है। इसका पूरा स्वरूप एक विशाल बांस के जंगल जैसा दिखाई देता है।
टर्मिनल के अंदर पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति और स्थानीय हस्तशिल्प को भी प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा, छत पर बनाए गए प्राकृतिक डिजाइन ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियों के प्रवाह को दर्शाते हैं।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को इस सूची में चौथा स्थान हासिल हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस एयरपोर्ट का डिजाइन कमल के फूल की थीम पर आधारित है। विश्व प्रसिद्ध वास्तुशिल्प फर्म Zaha Hadid Architects ने इसके डिजाइन में कमल की आकृति को प्रमुखता दी है।
एयरपोर्ट के विशाल स्तंभों से लेकर छत की संरचना तक कमल के आकार की झलक दिखाई देती है। इसके अलावा, इंटरएक्टिव डिजिटल आर्टवर्क यात्रियों को एक अलग अनुभव प्रदान करते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, गुवाहाटी और नवी मुंबई एयरपोर्ट इस बात का उदाहरण हैं कि भारत अब आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संतुलन और स्थानीय संस्कृति को जोड़कर विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार कर रहा है।
इन दोनों एयरपोर्टों की उपलब्धि भारत के एविएशन सेक्टर के बढ़ते प्रभाव और वैश्विक स्तर पर मजबूत होती पहचान को दर्शाती है।