बांकीपुर उपचुनाव में दिलचस्प मुकाबला: 198 करोड़ की संपत्ति वाले प्रशांत किशोर के सामने 20 लाख के मालिक नीरज कुमार
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का मुकाबला अब बेहद दिलचस्प हो गया है। एक ओर चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, तो दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले जमीनी कार्यकर्ता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव आयोग को सौंपे गए दोनों प्रत्याशियों के हलफनामों से उनकी आर्थिक स्थिति और प्रोफाइल में बड़ा अंतर सामने आया है।
प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के पास 198 करोड़ की संपत्ति
चुनावी हलफनामे के अनुसार, 49 वर्षीय प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के पास कुल 198 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इनमें प्रशांत किशोर के नाम पर 96 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति दर्ज है, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 112 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर के पास 22 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति और करीब 73 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं, उनकी पत्नी के पास लगभग 89 करोड़ रुपये की चल और 12 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। प्रशांत किशोर पर 5.77 करोड़ रुपये का बैंक ऋण भी है।
प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के नाम दिल्ली के वसंत विहार, नोएडा, गाजियाबाद, पटना की पाटलिपुत्र कॉलोनी, गुवाहाटी और बक्सर स्थित पैतृक गांव में फ्लैट और जमीनें हैं।
पेशे से राजनीतिक सलाहकार हैं प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर खुद को ‘राजनीतिक सलाहकार और कंसल्टेंट’ बताते हैं। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीबीए और हैदराबाद से मास्टर्स ऑफ हेल्थकेयर मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास दिल्ली के अपोलो अस्पताल में सीनियर एडवाइजर हैं।
प्रशांत किशोर वेधा वेंचर प्राइवेट लिमिटेड के मालिक हैं। हलफनामे के अनुसार, इस कंपनी ने वर्ष 2024-25 में जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ रुपये का चंदा दिया था।
प्रशांत किशोर पर दर्ज हैं 8 मामले
हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर के खिलाफ मानहानि, धोखाधड़ी और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कुल आठ मामले दर्ज हैं। हालांकि, किसी भी मामले में अब तक आरोप तय नहीं हुए हैं।
बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार की संपत्ति सिर्फ 20 लाख रुपये
दूसरी ओर, बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार बेहद साधारण जीवन जीते हैं। पहले पार्टी ने इस सीट से अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए 10 जुलाई को अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद बीजेपी ने नीरज कुमार को चुनावी मैदान में उतारा।
हलफनामे के अनुसार, नीरज कुमार के पास कुल 20 लाख 28 हजार 554 रुपये की संपत्ति है। उनके पास न अपना घर है और न ही कोई निजी वाहन।
नीरज कुमार के पास 12.28 लाख रुपये की चल संपत्ति और 8 लाख रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें 10 डिसमिल कृषि भूमि शामिल है। उनके पास 70 हजार रुपये नकद हैं और भारतीय स्टेट बैंक की मीठापुर शाखा में करीब 8.99 लाख रुपये जमा हैं।
इसके अलावा उनके पास लगभग 1.32 लाख रुपये के आभूषण हैं, जिनमें सोने की चेन, अंगूठी और 200 ग्राम चांदी शामिल है। उन पर किसी प्रकार का कोई ऋण नहीं है।
खेती और छोटे कारोबार से होती है आय
नीरज कुमार की आय का मुख्य स्रोत खेती और छोटा-मोटा व्यापार है। उन्होंने वर्ष 2012 में दसवीं की परीक्षा पास की थी और 2024 में मगध विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की।
हलफनामे के अनुसार, नीरज कुमार के खिलाफ किसी भी प्रकार का कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
बांकीपुर उपचुनाव में अब मुकाबला सिर्फ दो उम्मीदवारों के बीच नहीं, बल्कि दो अलग-अलग राजनीतिक और आर्थिक पृष्ठभूमियों के बीच भी माना जा रहा है। एक तरफ करोड़ों की संपत्ति और राष्ट्रीय पहचान रखने वाले प्रशांत किशोर हैं, तो दूसरी ओर साधारण जीवन से निकले बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार, जिनकी सादगी भी चुनावी चर्चा का विषय बनी हुई है।