बांकीपुर उपचुनाव: 96 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं प्रशांत किशोर, हलफनामे में हुआ बड़ा खुलासा
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर खुद मैदान में उतरने जा रहे हैं। सोमवार (13 जुलाई) को नामांकन दाखिल करने के साथ ही उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना शपथपत्र भी जमा किया, जिसमें उनकी संपत्ति, शिक्षा और पेशे से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
प्रशांत किशोर के पास 96 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर कुल 96.06 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 73.87 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।
हलफनामे के अनुसार, उनके पास 65,570 रुपये नकद हैं। इसके अलावा एक निजी कंपनी में उनकी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसी कंपनी ने जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ रुपये और जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपये का दान दिया है।
पत्नी के नाम भी करोड़ों की संपत्ति
प्रशांत किशोर की पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के पास भी बड़ी संपत्ति है। हलफनामे के मुताबिक, उनके नाम 89.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 12.42 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। उनके पास 1,95,200 रुपये नकद भी हैं।
शिक्षा और पेशे का ब्योरा
हलफनामे में दी गई जानकारी के अनुसार, प्रशांत किशोर ने वर्ष 1991 में बक्सर के एम.पी. हाई स्कूल से दसवीं और 1993 में पटना साइंस कॉलेज से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने 1996 से 1999 के बीच लखनऊ विश्वविद्यालय से बीबीए की डिग्री हासिल की।
वर्ष 2001 से 2003 के दौरान उन्होंने हैदराबाद से हेल्थकेयर मैनेजमेंट में मास्टर ऑफ हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन (MHA) की पढ़ाई की। इसके अलावा वर्ष 2010 में उन्होंने फ्रांस के क्लेरमों-फेरां विश्वविद्यालय से संबद्ध कैविलाम, विची में फ्रेंच भाषा का भी अध्ययन किया।
नामांकन के दिन हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
13 जुलाई को बांकीपुर सीट से प्रशांत किशोर और बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान राजनीतिक हलकों में काफी हलचल देखने को मिली और नामांकन का दिन हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण भी चर्चा में रहा।
क्यों हो रहा है बांकीपुर में उपचुनाव?
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव इसलिए कराया जा रहा है क्योंकि बीजेपी नेता नितिन नवीन ने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था। नितिन नवीन ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट से जीत दर्ज की थी, लेकिन बाद में उनके राज्यसभा जाने के कारण यह सीट खाली हो गई। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा की।
अब इस सीट पर मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है, क्योंकि पहली बार चुनावी मैदान में उतरे प्रशांत किशोर अपनी राजनीतिक ताकत की परीक्षा देंगे, जबकि बीजेपी अपने गढ़ को बचाने की चुनौती का सामना कर रही है।