• July 5, 2026

‘अल्फा’ की दमदार ओपनिंग पर करण जौहर का रिएक्शन, बोले- आलिया भट्ट का स्टारडम किसी सबूत का मोहताज नहीं

नई दिल्ली: आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर फिल्म ‘अल्फा’ ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की है। फिल्म की बॉक्स ऑफिस ओपनिंग के बाद निर्देशक-निर्माता करण जौहर ने सोशल मीडिया पर इसकी जमकर तारीफ की और आलिया भट्ट के स्टारडम की सराहना करते हुए ऑनलाइन नेगेटिविटी पर भी निशाना साधा। करण जौहर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि कम दर्शक संख्या की चुनौती के बावजूद ‘अल्फा’ ने दमदार शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि इससे यह साबित होता है कि दर्शक सोशल मीडिया पर फैलाई जाने वाली नकारात्मकता से ऊपर उठकर अच्छी फिल्मों को समर्थन देते हैं। उन्होंने लिखा, “जब थिएटर में दर्शकों की संख्या चुनौती बनी हुई है, तब ‘अल्फा’ की शानदार शुरुआत बहुत कुछ कहती है। दर्शक ऑनलाइन नेगेटिविटी से कहीं ऊपर हैं और वही असली ताकत हैं।”

आलिया भट्ट के स्टारडम की तारीफ

करण जौहर ने आगे लिखा कि आलिया भट्ट की थिएटर तक दर्शकों को खींच लाने की क्षमता और उनका अभिनय दोनों ही उन्हें एक अलग मुकाम पर पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि आलिया का स्टारडम किसी प्रमाण का मोहताज नहीं है। साथ ही उन्होंने YRF स्पाई यूनिवर्स की भी सराहना करते हुए कहा कि बड़े पर्दे के लिए भव्य सिनेमाई अनुभव तैयार करने की इस कोशिश की प्रशंसा होनी चाहिए, न कि बेवजह आलोचना। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे फिल्म देखें और नकारात्मक खबरों पर ध्यान देने के बजाय सिनेमाघरों में लौट रहे दर्शकों का जश्न मनाएं।

पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘अल्फा’ ने भारत में पहले दिन लगभग 9.25 करोड़ रुपये (नेट) का कारोबार किया। फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 11.1 करोड़ रुपये रहा, जबकि विदेशी बाजार से करीब 5 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस तरह फिल्म का पहले दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 16.1 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। फिल्म की पहले दिन की कुल ऑक्यूपेंसी 20.4 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह के शो में ऑक्यूपेंसी अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ इसमें लगातार बढ़ोतरी हुई। रात के शो में सबसे अधिक 34.15 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जो दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाती है।

‘अल्फा’ की स्टारकास्ट और कहानी

निर्देशक शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘अल्फा’ YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-प्रधान फिल्म है। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा ऋतिक रोशन अपने लोकप्रिय किरदार ‘कबीर’ के रूप में स्पेशल अपीयरेंस देते नजर आते हैं। फिल्म की कहानी एक प्रशिक्षित महिला हत्यारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक बागी कमांडर सुपर-सोल्जर के रूप में तैयार करता है। अपने अतीत और परिवार से जुड़े चौंकाने वाले सच का पता चलने के बाद वह अपनी बिछड़ी हुई बहन के साथ मिलकर उस गैर-कानूनी सैन्य नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर निकलती है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *