• July 5, 2026

मुंबई में मूसलाधार बारिश का कहर, आज रेड अलर्ट जारी; हाई टाइड की चेतावनी, कई इलाकों में जलभराव

मुंबई: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की रफ्तार थाम दी है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कई निचले इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया है, जबकि अंधेरी सबवे पिछले कई दिनों से बंद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार के लिए मुंबई और आसपास के जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने नागरिकों से बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हाई टाइड को लेकर भी चेतावनी

बारिश के बीच समुद्र में ऊंची ज्वार (हाई टाइड) की भी आशंका जताई गई है। दोपहर 3:22 बजे करीब 4.19 मीटर ऊंची ज्वार आने का अनुमान है। ऐसे में समुद्र तटीय इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

इन इलाकों में दर्ज हुई सबसे ज्यादा बारिश

शनिवार सुबह 8:30 बजे से रविवार सुबह 5:30 बजे तक मुंबई के विभिन्न इलाकों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं:

  • विक्रोली – 253.0 मिमी
  • राम मंदिर – 252.5 मिमी
  • सांताक्रूज़ – 224.5 मिमी
  • बायकुला – 172.5 मिमी
  • विद्याविहार – 169.0 मिमी
  • कोलाबा – 165.5 मिमी
  • सायन – 157.5 मिमी
  • टाटा पावर, चेंबूर – 136.0 मिमी

लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर वाहन पानी में फंस गए हैं। कुछ स्थानों पर शॉपिंग मॉल और आवासीय परिसरों के बाहर भी भारी जलभराव देखने को मिला।

आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

बारिश से उत्पन्न किसी भी आपात स्थिति में नागरिक निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

  • बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC): 1916
  • पालघर जिला हेल्पलाइन: 02525-297474 / +91 82379 78873
  • ठाणे महानगरपालिका: 022-25364779 / 022-25301740 / +91 93723 38827
  • ठाणे आपदा प्रबंधन कक्ष: 1800-222-108 / 8657887101
  • पनवेल महानगरपालिका: 022-27458040 / 41 / 42

मुंबई समेत कई जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 6 जुलाई के बीच मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR), कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना है। मुंबई के अलावा रायगढ़, ठाणे, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भी भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं सतारा, पुणे और नासिक के घाट क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *