सूरजपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत: पत्नी को डांटने पर नाराज बेटे ने पिता को रस्सियों से बांधा, इलाज के दौरान मौत
सूरजपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बकिरमा गांव में पत्नी को डांटने से नाराज एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता को रस्सियों से बांध दिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी को डांटने पर भड़का बेटा
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी फहरदास अपने बेटे हेमचरण दास और उसकी पत्नी को अक्सर घर की जिम्मेदारियों को लेकर समझाइश देते थे। घटना वाले दिन भी उन्होंने अपनी बहू को किसी बात पर डांट दिया था। इससे नाराज होकर बहू ने फोन कर अपने पति को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही आरोपी हेमचरण दास गुस्से में घर पहुंचा और पिता से विवाद करने लगा।
रस्सियों से बांधा, ग्रामीणों ने छुड़ाया
आरोप है कि गुस्से में आकर बेटे ने अपने पिता को पकड़कर सिर से पैर तक रस्सियों से बांध दिया। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें छुड़ाने की कोशिश की। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने ग्रामीणों को धमकाकर वहां से भगा दिया और दोबारा अपने पिता को बांध दिया।
सरपंच की मदद से अस्पताल ले जाया गया
घटना की जानकारी मिलने पर गांव के सरपंच मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप करते हुए बुजुर्ग को रस्सियों से मुक्त कराया। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद फहरदास को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी बेटे हेमचरण दास को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस का बयान
सूरजपुर SDOP अभिषेक पैकरा के अनुसार, मृतक फहरदास परिवार में अक्सर जिम्मेदारियों को लेकर समझाइश देते थे। घटना वाले दिन बहू को डांटने के बाद विवाद बढ़ा और बेटे ने गुस्से में आकर पिता को रस्सियों से बांध दिया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।