11 वें दीक्षान्त समारोह से पहले KMC भाषा विश्वविद्यालय में चला वृहद स्वच्छता अभियान, छात्रों और कर्मचारियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
लखनऊ: आगामी 11वें दीक्षान्त समारोह की तैयारियों के तहत ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय (KMCLU), लखनऊ में बुधवार को ‘दीक्षोत्सव-2026’ के अंतर्गत वृहद स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान चलाया गया। विश्वविद्यालय परिसर, छात्रावासों और विभिन्न विभागों में आयोजित इस अभियान में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह 10 बजे अशफाक उल्ला खाँ अतिथि गृह से शुरू हुए इस विशेष अभियान के दौरान पूरे विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी दीक्षान्त समारोह से पूर्व परिसर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना था। यह अभियान विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन तथा कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। ‘दीक्षोत्सव-2026’ की संयोजक डॉ. नलिनी मिश्रा के संयोजन में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने सहभागिता की। अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों ने परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया और सामूहिक स्वच्छता शपथ भी ग्रहण की। इस अवसर पर कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक श्री विकास, उप कुलसचिव मोहम्मद सहील, सहायक कुलसचिव श्री लक्ष्मीकांत मिश्रा तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामदास सहित अन्य अधिकारियों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कुलपति के निर्देशन में सभी विभागों, प्रशासनिक कार्यालयों, प्रयोगशालाओं और छात्रावासों में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि दीक्षान्त समारोह के दौरान परिसर का वातावरण स्वच्छ एवं आकर्षक बना रहे।
कुलपति का बयान
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा, “दीक्षान्त समारोह जैसे महत्वपूर्ण अवसर से पहले विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर और प्रेरणादायी बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करने का भी एक प्रभावी माध्यम है।”