• June 25, 2026

PDA के ‘A’ पर सियासत तेज: ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, कहा- राजनीति के ‘राजा बाबू’ हैं

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले की नई व्याख्या को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा कि PDA के ‘A’ का अर्थ बार-बार बदलना अखिलेश यादव की राजनीतिक अस्थिरता को दर्शाता है। दरअसल, बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने PDA के ‘A’ का नया अर्थ ‘आदिवासी’ बताया। इससे पहले वे ‘A’ का अर्थ ‘अल्पसंख्यक’ और बाद में ‘अगड़ा’ बता चुके हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव लगातार PDA की नई-नई व्याख्याएं कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें आशंका है कि भविष्य में किसी सम्मेलन में अखिलेश ‘A’ का मतलब कुछ और भी बता सकते हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने अपने कार्यकाल में कई आतंकवाद से जुड़े मामलों को वापस लेने की कोशिश की थी। राजभर ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के चलते PDA की परिभाषा लगातार बदल रही है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की राजनीति उन्हें अभिनेता गोविंदा की फिल्म ‘राजा बाबू’ की याद दिलाती है, जिसमें मुख्य किरदार कभी वकील, कभी डॉक्टर, कभी पुलिस अधिकारी और कभी नेता की भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा, “सही मायने में अखिलेश यादव भारतीय राजनीति के ‘राजा बाबू’ हैं।”

क्या है PDA फॉर्मूला?

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पिछले कुछ वर्षों से PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं। इस रणनीति के तहत सपा ने पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के साथ-साथ दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सामाजिक समीकरण ने हाल के चुनावों में सपा को नई राजनीतिक मजबूती प्रदान की है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *