• June 24, 2026

‘दुल्हनिया ले आएगी’ का फर्स्ट लुक जारी, खुशाली कुमार बनीं सबसे हटके दुल्हन

नई दिल्ली: बॉलीवुड की रोमांटिक और पारिवारिक फिल्मों में अब एक नई दुल्हन की एंट्री होने जा रही है। फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। पोस्टर में खुशाली कुमार पारंपरिक दुल्हन के जोड़े में नजर आ रही हैं, लेकिन उनका अंदाज बिल्कुल अलग और स्टाइलिश है। शादी के लाल जोड़े के साथ सनग्लासेस और चेहरे पर आत्मविश्वास से भरी मुस्कान इस बात का संकेत देती है कि यह दुल्हन पारंपरिक किरदारों से काफी अलग होने वाली है। फिल्म का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर सामने आते ही चर्चा का विषय बन गया है।

परिवार, रिश्तों और मनोरंजन से भरपूर होगी कहानी

निर्देशक आकाशादित्य लामा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में खुशाली कुमार के साथ पियूष मिश्रा और महेश मांजरेकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म एक फैमिली एंटरटेनर है, जिसकी कहानी एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक खास मिशन और तय समयसीमा के साथ अपनी मंजिल की ओर बढ़ती है। निर्माताओं के अनुसार फिल्म में हास्य, भावनाएं, पारिवारिक रिश्ते और कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलेंगे, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेंगे।

क्या बोले निर्देशक?

फिल्म के निर्देशक आकाशादित्य लामा ने कहा, “’दुल्हनिया ले आएगी’ परिवार, रिश्तों और उनसे जुड़ी खुशियों व उलझनों का जश्न मनाने वाली कहानी है। इसकी सबसे खास बात इसकी मुख्य किरदार दुल्हन है, जो दर्शकों के लिए बिल्कुल नई और अनोखी होगी। हमने पहले पोस्टर के जरिए उसके आत्मविश्वासी और अप्रत्याशित व्यक्तित्व की झलक दिखाने की कोशिश की है।” उन्होंने भरोसा जताया कि यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी।

खुशाली कुमार ने किरदार को बताया खास

फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहीं खुशाली कुमार ने कहा कि जैसे ही उन्होंने कहानी सुनी, उन्हें महसूस हो गया कि यह किरदार उनके लिए खास है। उन्होंने कहा, “यह किरदार बोल्ड, आकर्षक और भावनात्मक है। सबसे खास बात यह है कि वह खुद को बदलने के बजाय अपनी पहचान पर भरोसा करती है। उसकी यात्रा में कई दिलचस्प और अनोखे पहलू हैं। पोस्टर में सिर्फ उसकी एक झलक दिखाई गई है, असली सरप्राइज फिल्म में देखने को मिलेगा।”

24 जुलाई को होगी रिलीज

दिलचस्प कहानी, रंगीन किरदारों और दमदार स्टारकास्ट से सजी ‘दुल्हनिया ले आएगी’ पारिवारिक मनोरंजन की उस परंपरा को आगे बढ़ाने का दावा करती है, जिसे दर्शक लंबे समय से पसंद करते आए हैं। फिल्म आधुनिक अंदाज और ताजगी भरे प्रस्तुतिकरण के साथ 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फर्स्ट लुक के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म के ट्रेलर और कहानी पर टिकी हुई है। यह देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर यह ‘हटके दुल्हनिया’ क्या नया रंग लेकर आती है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *