• June 23, 2026

महरौली में 10 वर्षीय बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या, 4 घंटे में आरोपी टैक्सी ड्राइवर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, यौन उत्पीड़न और हत्या के आरोप में पुलिस ने एक टैक्सी ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया है कि शिकायत मिलने के महज चार घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया गया और उसकी निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, बच्ची सोमवार सुबह अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना महरौली थाने में दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस एक टैक्सी ड्राइवर तक पहुंची, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने बच्ची के अपहरण और हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर महरौली के जंगल क्षेत्र से बच्ची का शव बरामद किया गया।

सड़क पर रहकर गुजारा करता था परिवार

मृतक बच्ची का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर बताया जा रहा है। परिवार सड़क किनारे रहकर जीवनयापन करता था और बच्ची गुब्बारे बेचकर घर की मदद करती थी। परिजनों के मुताबिक, वे मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया गया है कि आर्थिक तंगी के कारण परिवार किराए का मकान छोड़ने को मजबूर हो गया था और पिछले कुछ समय से फुटपाथ पर रह रहा था। परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें मृतक बच्ची भी शामिल थी।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी भी बिहार का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले से कुछ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। हालांकि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच पहले कोई जान-पहचान नहीं थी।

आगे की जांच जारी

पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द ही आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। इस घटना ने राजधानी में बच्चों की सुरक्षा और समाज के कमजोर वर्गों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *