ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

केदारनाथ हेली सेवा बुकिंग पर बड़ी राहत: जून के पहले सप्ताह में खुलेगा नया स्लॉट, 15 जून के बाद की यात्रा के लिए कर सकेंगे टिकट बुक

केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ धाम की हेली सेवा का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) जल्द ही नया बुकिंग स्लॉट खोलने जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जून के पहले सप्ताह में हेली सेवा की अगली टिकट बुकिंग शुरू हो सकती है, जिसके माध्यम से श्रद्धालु 15 जून के बाद की यात्रा तिथियों के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक कर सकेंगे।

यूकाडा के CEO डॉ. आशीष चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में केदारनाथ हेली सेवा के तीनों सेक्टरों में कुल आठ हेलीकॉप्टर कंपनियां संचालन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 15 जून तक की सभी टिकटें पहले ही पूरी तरह बुक हो चुकी हैं, जिसके बाद अब अगले चरण की बुकिंग प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।

डॉ. चौहान ने यह भी बताया कि टिकट वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए कुल टिकटों में से 90 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि केवल 10 प्रतिशत टिकट काउंटर के जरिए दिए जा रहे हैं। इससे फर्जीवाड़े और दलालों पर रोक लगाने में मदद मिल रही है।

पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए यूकाडा विशेष सतर्कता बरत रहा है। CEO के मुताबिक, मौसम विशेषज्ञों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है और शासन व मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही बुकिंग स्लॉट जारी किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *