ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मेधावी विद्यार्थियों को सीएम योगी करेंगे सम्मानित, 223 स्टेट टॉपर्स को मिलेगा नकद पुरस्कार और टैबलेट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह-2026 का आयोजन सोमवार, 1 जून को किया जाएगा। राजधानी लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न शिक्षा बोर्डों के 223 राज्य स्तरीय मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।

प्रदेश सरकार की ओर से वर्ष 2018 में शुरू की गई इस पहल के तहत लगातार मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है, ताकि अन्य छात्र-छात्राएं भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।

समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद, सीबीएसई (CBSE) और सीआईएससीई (CISCE) बोर्ड की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की धनराशि, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र, मेडल और साफा देकर सम्मानित किया जाएगा।

राज्य स्तरीय सम्मान के लिए कुल 223 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के 138 विद्यार्थी, माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद के 21 विद्यार्थी, सीआईएससीई बोर्ड के 33 विद्यार्थी और सीबीएसई बोर्ड के 31 विद्यार्थी शामिल हैं। खास बात यह है कि इन मेधावियों में 85 छात्र और 138 छात्राएं हैं, जो शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी और उत्कृष्ट उपलब्धियों को दर्शाता है।

कार्यक्रम की एक विशेषता यह भी होगी कि सम्मानित विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर सम्मान प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी के एक अभिभावक को शॉल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न बोर्डों में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के 11 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी प्रशस्ति पत्र और शॉल प्रदान किया जाएगा।

प्रदेश सरकार का मानना है कि विद्यार्थियों की सफलता में परिवार और शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, इसलिए उनके योगदान को भी सार्वजनिक रूप से सम्मान देना जरूरी है।

राज्य स्तरीय समारोह के साथ-साथ प्रदेश के सभी जिलों में भी मेधावी विद्यार्थी सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस स्तर पर कुल 1459 विद्यार्थियों को सम्मान मिलेगा, जिनमें 687 हाईस्कूल और 772 इंटरमीडिएट के विद्यार्थी शामिल हैं।

जिला स्तरीय सम्मान के तहत विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये की धनराशि, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किया जाएगा। इस प्रकार वर्ष 2026 के मेधावी विद्यार्थी सम्मान कार्यक्रम के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में कुल 1682 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *