‘SIR हमारे लिए जिंदगी और मौत का मसला’, ओवैसी की तेलंगाना के लोगों से भावुक अपील
तेलंगाना में 25 जून से शुरू होने जा रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लोगों से गंभीर अपील की है। हैदराबाद में पार्टी की एक अहम बैठक को संबोधित करते हुए ओवैसी ने SIR को “जिंदगी और मौत का मसला” बताते हुए लोगों से इसे गंभीरता से लेने की बात कही।
‘डराने नहीं, जागरूक करने के लिए कह रहा हूं’
हैदराबाद में AIMIM की बैठक के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “यह कोई आम बैठक नहीं है, बल्कि मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के जिम्मेदार लोगों की मीटिंग है। मैं आप सबसे अपील करता हूं कि 25 जून से तेलंगाना में शुरू होने वाले SIR को गंभीरता से लें। मैं यह बात किसी को डराने या भावुक करने के लिए नहीं कह रहा हूं, लेकिन यह हमारे लिए जिंदगी और मौत का मसला है।”
SIR को गंभीरता से लेने की अपील
ओवैसी ने बताया कि SIR प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर वोटर्स को फॉर्म देंगे। उन्होंने लोगों से कहा कि जब BLO फॉर्म लेकर आए, तो उसे ध्यान से पढ़ें और सुनिश्चित करें कि वोटर की जानकारी सही तरीके से दर्ज हो रही है।
उन्होंने कहा, “जब SIR शुरू होगा, तो Enumerator Form के साथ BLO वोटर्स के घर आएगा। मैं सभी वोटर्स से अपील करता हूं कि इस प्रक्रिया को बड़े गंभीर तरीके से लें, क्योंकि यह बेहद अहम मसला है।”
पढ़ना-लिखना नहीं आता तो क्या करें?
AIMIM प्रमुख ने उन लोगों के लिए भी सलाह दी जिन्हें फॉर्म भरने में परेशानी हो सकती है। ओवैसी ने कहा कि अगर किसी को पढ़ना नहीं आता या फॉर्म समझने में दिक्कत हो, तो वे पार्टी के जिम्मेदार लोगों, बूथ लेवल एजेंट (BLA) या किसी भरोसेमंद व्यक्ति की मदद ले सकते हैं।
उन्होंने कहा, “अगर आपको फॉर्म पढ़ना नहीं आता, तो मजलिस के जिम्मेदार लोगों या किसी भरोसेमंद जानकार की मदद लें और यह सुनिश्चित करें कि आपकी मैपिंग सही तरीके से हो रही है।”
AIMIM कार्यकर्ताओं की तारीफ
इस दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने AIMIM कार्यकर्ताओं की सराहना भी की। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में अगर किसी राजनीतिक दल ने SIR के तहत वोटर्स के नाम जुड़वाने और सत्यापन के लिए गंभीरता से काम किया है, तो वह AIMIM है।
ओवैसी ने कहा कि पार्टी ने इसके लिए एक ऐप तैयार किया है और कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग भी दी गई है ताकि लोग अपने नाम वोटर लिस्ट में जांच सकें और सही तरीके से मैपिंग करा सकें।
क्या है SIR?
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) चुनाव आयोग द्वारा चलाया जाने वाला एक विशेष अभियान है, जिसका उद्देश्य वोटर लिस्ट को शुद्ध, सटीक और अपडेटेड बनाना है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर वोटर्स के दस्तावेज और जानकारी का फिजिकल वेरिफिकेशन करते हैं।