भाषा विश्वविद्यालय में सम सेमेस्टर परीक्षाओं का कुलपति द्वारा औचक निरीक्षण
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में चल रही सम सेमेस्टर परीक्षाओं का कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं, अनुशासन, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
कुलपति ने विभिन्न परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षार्थियों से संवाद किया और उनकी परीक्षा से जुड़ी तैयारियों व अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित बनाए रखने पर जोर देते हुए परीक्षा नियंत्रक एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रो. तनेजा ने सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और समय पर प्रश्नपत्र वितरण की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है कि परीक्षाएं पूर्ण अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संपन्न हों, जिससे विद्यार्थियों को निष्पक्ष वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक, केंद्राध्यक्ष तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग किया।
परीक्षा नियंत्रक विकास ने विद्यार्थियों से परीक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। वहीं केंद्राध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि आज आयोजित परीक्षा में कुल 2326 में से 2310 विद्यार्थी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सम सेमेस्टर की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही हैं।