• May 2, 2026

यूपी जनगणना 2026–27: दो चरणों में होगी गणना, दूसरे चरण में जातीय जनगणना

उत्तर प्रदेश में होने वाली 16वीं जनगणना को लेकर कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य में यह जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा।

पहले चरण में मकान सूचीकरण और आवासों की गणना की जाएगी। इस दौरान जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाओं और संपत्तियों से संबंधित जानकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से एकत्र करेंगे। दूसरे चरण में जनसंख्या से जुड़ा व्यक्तिगत डेटा संग्रह किया जाएगा।

जनगणना निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी आईएएस शीतल वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि इस बड़े अभियान के लिए प्रदेश में लगभग 5.25 लाख अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसमें 18 मंडल आयुक्त, 75 जिलाधिकारी, 17 नगर आयुक्त, 600 जिला स्तरीय अधिकारी, 1195 चार्ज अधिकारी, 285 मास्टर ट्रेनर, 6939 फील्ड ट्रेनर्स और लगभग 5 लाख पर्यवेक्षक एवं प्रगणक शामिल हैं।

सबसे अहम बात यह है कि इस बार जनगणना के दूसरे चरण में जातिगत जनगणना भी कराई जाएगी। आजादी के बाद पहली बार इस तरह की जातीय गणना की जाएगी, जो केंद्र सरकार की नीति के तहत संपन्न होगी। हालांकि, इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अभी तैयार की जानी बाकी है।

पहले चरण में हाउसहोल्ड स्तर पर डेटा संग्रह होगा, जबकि दूसरे चरण में व्यक्तिगत स्तर पर विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *