मैग्नीशियम की कमी से बिगड़ सकती है नींद और सेहत, जानिए लक्षण और बचाव
शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए विटामिन्स के साथ-साथ मिनरल्स भी बेहद जरूरी होते हैं। इन्हीं में से एक है मैग्नीशियम, जो शरीर के कई महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका निभाता है। यह न केवल ओवरऑल हेल्थ के लिए जरूरी है, बल्कि नींद, दिमाग और हड्डियों की मजबूती से भी इसका गहरा संबंध है।
विशेषज्ञों के अनुसार, 35–40 की उम्र के बाद शरीर में पोषक तत्वों की कमी बढ़ने लगती है, ऐसे में मैग्नीशियम का संतुलन बनाए रखना और भी जरूरी हो जाता है। इसकी कमी से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो सकती है।
मैग्नीशियम की कमी के प्रमुख लक्षण
मैग्नीशियम की कमी कई तरह की शारीरिक और मानसिक समस्याओं का कारण बन सकती है।
- सिरदर्द और माइग्रेन: माइग्रेन की समस्या बढ़ सकती है, क्योंकि मैग्नीशियम मस्तिष्क में रक्त प्रवाह को नियंत्रित करता है।
- नींद की समस्या: यह न्यूरोट्रांसमीटर और मेलाटोनिन हार्मोन को संतुलित करता है, जिससे अच्छी नींद आती है।
- मांसपेशियों में ऐंठन: कैल्शियम के संतुलन को नियंत्रित करने में मदद करता है, इसकी कमी से ऐंठन बढ़ सकती है।
- थकान और कमजोरी: मैग्नीशियम ऊर्जा उत्पादन (ATP) में भूमिका निभाता है, इसकी कमी से शरीर सुस्त महसूस करता है।
- चिंता और अवसाद: यह सेरोटोनिन और GABA जैसे न्यूरोट्रांसमीटर को नियंत्रित करता है, जिससे मानसिक संतुलन बना रहता है।
मैग्नीशियम की कमी पूरी करने के उपाय
मैग्नीशियम की कमी को दूर करने के लिए खानपान में सुधार बेहद जरूरी है।
- पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक
- दालें और फलियां
- मेवे और बीज जैसे बादाम, कद्दू के बीज और चिया सीड्स
- साबुत अनाज जैसे ब्राउन राइस और क्विनोआ
- डार्क चॉकलेट (सीमित मात्रा में)
- फल जैसे केला और एवोकाडो
- सोया उत्पाद जैसे टोफू
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर मैग्नीशियम की कमी से बचा जा सकता है। अगर लक्षण लंबे समय तक बने रहें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।