• March 15, 2026

देशभर में बदलेगा मौसम: दिल्ली-यूपी सहित कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कुछ इलाकों में हीटवेव का खतरा

देश के कई हिस्सों में बढ़ते तापमान के बीच मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने 15 से 19 मार्च के बीच देश के कई राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई स्थानों पर 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी राजस्थान में 18 और 19 मार्च को हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि पूर्वी राजस्थान में भी इसी दौरान मौसम बदल सकता है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 15 और 16 मार्च को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश में 15 से 19 मार्च के बीच कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 15 से 17 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। ओडिशा में 14 से 18 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम का असर दिखेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम बदलने की संभावना है। तेलंगाना में 15 से 18 मार्च के बीच बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में 16 मार्च को भारी बारिश का अनुमान है। कर्नाटक और तमिलनाडु में 17 और 18 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि केरल में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी भारत में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। गुजरात में 18 और 19 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

हालांकि जहां कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक विदर्भ, झारखंड और ओडिशा में उष्ण लहर चलने की संभावना है। वहीं कोंकण, गोवा और केरल में गर्म और आर्द्र मौसम बना रह सकता है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *