रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन: टी20 वर्ल्ड कप के बीच अंतिम संस्कार में कंधा दिया, क्रिकेट जगत में शोक की लहर
अलीगढ़/ग्रेटर नोएडा, 27 फरवरी 2026: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। लंबे समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे खानचंद सिंह का इलाज ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में संपन्न हुआ।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच रिंकू सिंह टीम कैंप से अलीगढ़ पहुंचे और पिता की अर्थी को कंधा दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में रिंकू को भावुक होते हुए और पिता की अंतिम यात्रा में शामिल होते देखा जा सकता है। इस दुखद घटना ने क्रिकेट जगत को गहरा सदमा पहुंचाया है।
क्रिकेट जगत ने जताया शोक
- बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, “रिंकू सिंह के पिता के निधन की खबर बेहद दुखद है। वह एक साल से बीमार थे। उन्होंने अपनी जिंदगी में काफी संघर्ष किया। रिंकू भी काफी परेशान हैं। मैं उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
- युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, “रिंकू के पिता के निधन की दिल दहला देने वाली खबर। ऐसे क्षणों में कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं लगता। इस कठिन समय में आपके और आपके परिवार के साथ एकजुटता से खड़ा हूं। आपके आस-पास जो प्यार है, उसमें आपको शक्ति और साहस मिले।”
- हरभजन सिंह ने कहा, “रिंकू सिंह के पिता श्री खानचंद सिंह जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। रिंकू और उनके परिवार के लिए यह विशेष रूप से कठिन समय होगा, भले ही वह टी20 विश्व कप के दौरान अपनी जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। मेरे प्रार्थनाएं उनके और उनके प्रियजनों के साथ हैं। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को शक्ति और साहस प्रदान करें।”
रिंकू सिंह का परिवार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से है। उनके पिता खानचंद सिंह एलपीजी गैस सिलेंडर सप्लाई का काम करते थे और सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे के क्रिकेट सपने को पूरा करने में उनका पूरा साथ दिया। रिंकू ने कई इंटरव्यू में बताया है कि पिता की सख्ती और मेहनत की सीख ने उन्हें आज के मुकाम तक पहुंचाया।क्रिकेट फैंस और पूर्व खिलाड़ी इस दुख की घड़ी में रिंकू और उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति।
रिंकू सिंह और परिवार को इस अपूरणीय क्षति में ढेर सारी ताकत और हिम्मत मिले।