ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

प्रादेशिक सेना की 75वीं वर्षगांठ पर सियाचिन से इंदिरा पॉइंट तक साइकिलिंग अभियान शुरू

लेह 06 अगस्त । प्रादेशिक सेना के प्लेटिनम जुबली वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को सियाचिन बेस कैंप से इंदिरा पॉइंट तक चुनौतीपूर्ण साइकिल अभियान शुरू किया गया।

प्रादेशिक सेना की इकाइयों ने ग्लोबल वार्मिंग के प्रतिकूल प्रभावों को दूर करने के लिए देश भर में लगभग 92 हजार हेक्टेयर भूमि पर लगभग 9 करोड़ पौधे लगाए हैं। प्लेटिनम जुबली वर्ष पर प्रादेशिक सेना सियाचिन ग्लेशियर से इंदिरा पॉइंट तक पहला साइकिल अभियान चला रही है। इस अभियान का लक्ष्य दो चरणों में यानी मुख्य भूमि चरण और द्वीप चरण में भूमि, वायु और समुद्र के माध्यम से लगभग 5,500 किलोमीटर की दूरी तय करना है।

प्रादेशिक सेना कर्मियों वाले अभियान को 30 जुलाई को सियाचिन बेस कैंप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। अभियान 02 अगस्त को लेह पहुंचा है। 72 सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग ने 04 अगस्त को टीम के सदस्यों के साथ बातचीत की। यह अभियान पूरे देश में चेन्नई तक चलाया जाएगा, जहां से टीम अंडमान और निकोबार द्वीप समूह जाएगी। निकोबार द्वीप समूह से दक्षिण की ओर यात्रा करने के बाद यह अभियान इंदिरा पॉइंट पर समाप्त होगा, जहां भारत के सबसे दक्षिणी छोर पर पानी के नीचे तिरंगा फहराया जाएगा।

साइकिलिंग के अलावा अभियान दल अभियान के हिस्से के रूप में नौकायन और स्कूबा डाइविंग गतिविधियों से भी गुजरेगा। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण चेतना, अपनी सेना को जानें आदि मुद्दों को संबोधित करने वाली जन जागरुकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *