ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

काठमांडू विमान हादसे में बरामद शव दो दिन बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे

काठमांडू, 25 जुलाई । काठमांडू के त्रिभुवन अन्तरराष्ट्रीय विमानस्थल पर बुधवार को हुए विमान हादसे में बरामद सभी 18 शवों का पोस्टमार्टम आज शुरू किया गया है। काफी खराब हालत में शवों के होने से पोस्टमार्टम में काफी समय लग रहा है। इसलिए परिजनों को शव सौंपने में अभी दो दिन का समय और लगने की संभावना है।

काठमांडू के महाराजगंज स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के फॉरेंसिक विभाग में विमान हादसे के सभी 18 शवों को रखा गया है। विभाग के प्रमुख डॉ. गोपाल चौधरी ने बताया कि आज सुबह से ही पोस्टमार्टम शुरू करने के लिए 25 डॉक्टरों की टीम लगाई गई है। डॉ. चौधरी ने बताया कि एक शव का पोस्टमार्टम करने में कम से कम चार घंटे का समय लगने वाला है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान दांत या चेहरे पर मृत्यु पूर्व के किसी निशान को ढूंढा जाएगा। यदि इस तरह का कोई निशान मिलता है तो उसके आधार पर शवों की पहचान करने की कोशिश की जाएगी। यदि शवों पर इस तरह का कोई निशान नहीं मिलता है तो ऐसे शवों का डीएनए परीक्षण किया जाएगा।

डॉ. चौधरी ने बताया कि विमान हादसे में मारे गए सभी लोगों के परिवार वालों से उनके मृत परिजनों के बारे में छोटी से छोटी जानकारी ली गई है। साथ ही उन सभी का रक्त नमूना भी लिया गया है। अस्पताल प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को जानकारी दी है कि दो दिन के बाद ही शव सौंपे जा सकेंगे। इसके पीछे कारण यह है कि जब तक सभी शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो जाता, तब तक शवों का हस्तांतरण नहीं हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *