ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

हरियाणा सचिवालय में कर्मचारियों-अधिकारियों के लिए लगेंगे योग शिविर

हरियाणा के मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन. प्रसाद ने कहा कि चंडीगढ़ स्थित सचिवालय परिसर में कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए विशेष योग शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा और कार्य-कुशलता भी बढ़ेगी।

टी.वी.एस.एन. प्रसाद शुक्रवार को हरियाणा निवास में दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा सिविल सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आयोजित योग शिविर में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ है। इस अवसर पर श्रीनगर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और हिसार से मुख्यमंत्री नायब सिंह के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों-कर्मचारियों का आह्वान किया कि वह योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि व्यक्ति मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी कार्यालयों में रोजाना लम्बे समय तक बैठकर कार्य करते हैं। ऐसे में एक निश्चित समय में योगासन और प्राणायाम उनकी कार्य-कुशलता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पहली बार हरियाणा सिविल सचिवालय के स्टाफ के लिए योग शिविर आयोजन किया गया है। प्रसाद ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी संकल्प लें कि वे योग को न केवल अपने जीवन में अपनाएंगे बल्कि दूसरे लोगों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे ताकि योग घर-घर तक पहुंचाया जा सके। इससे पूर्व, योग प्रशिक्षकों द्वारा योग प्रोटोकॉल के अन्तर्गत विभिन्न आसन और प्राणायाम करवाए गए। उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकरूपता के साथ एकाग्र मन से आसन और प्राणायाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *