October 7, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मामूली गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आ रहा है। अमेरिकी बाजार के उलट यूरोपीय बाजार में आज गिरावट नजर आ रही है। वहीं एशिया के बाजारों में भी आज मिला-जुला कारोबार होता नजर आ रहा है।

अमेरिका में आज महंगाई के आंकड़े आने वाले हैं। उम्मीद की जा रही है कि महंगाई दर में गिरावट आ सकती है। इस उम्मीद की वजह से पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मजबूती के साथ कारोबार करने के बाद बंद हुए। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,375.32 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 151.02 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,343.55 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 38,739.69 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार के विपरीत यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.99 प्रतिशत टूट कर 8,147.81 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 104.77 अंक यानी 1.35 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 7,789.21 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 124.95 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 18,369.94 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार होता नजर आ रहा है। एशिया के 9 बाजारों में से 5 के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 4 सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। निक्केई इंडेक्स 256.47 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 38,878.32 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 266.47 अंक यानी 1.47 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 17,909.87 अंक के स्तर तक लुढ़क गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.05 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 1,315.45 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.02 प्रतिशत फिसल कर 3,027.41 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,403.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.15 प्रतिशत उछल कर 3,314.08 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताईवान वेटेड इंडेक्स 218.91 अंक यानी 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,011.03 अंक के स्तर पर, कोस्पी इंडेक्स 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,716 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,857.97 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.