October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

डेंगू का अभी से प्रभावी इंतजाम करें सरकार: राजीव महर्षि

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर राजीव महर्षि ने राजधानी देहरादून में डेंगू की दस्तक को लेकर सरकार को आगाह किया है कि वह स्थिति के बेकाबू होने का इंतजार न करे बल्कि डेंगू की रोकथाम के अभी से प्रभावी इंतजाम करे।

मंगलवार को राजीव महर्षि ने कहा कि गर्मी बढ़ने के साथ ही देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी ही नहीं पहाड़ों में भी मच्छर-मक्खी की भरमार दिख रही है। चारधाम यात्रा शुरू होने के साथ ही यह स्थिति है तो अगले एक पखवाड़े की स्थिति का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यही स्थिति डेंगू नियंत्रण के मामले में दिख रही है। देहरादून में ही सरकारी तंत्र की रस्म अदायगी की नीति से डेंगू नियंत्रण के उपाय सिर्फ कागजों में हो रहे हैं। धरातल पर स्थिति बेहद चिंताजनक है। महर्षि ने कहा कि डेंगू नियंत्रण के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव ने 20 बिन्दुओं की एक गाइडलाइंस जारी की है लेकिन इस दिशा में अभी तक केवल कागजी घोड़े ही दौड़ाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सचिव के निर्देश के बाद सभी जिलों के डीएम, सीएमओ, नगर निगम और निकायों को निर्देश तो जारी हुए लेकिन धरातल पर कुछ नजर नहीं आ रहा है। इस मामले में केवल खानापूर्ति की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेंगू एवं चिकनगुनिया रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए ठोस कार्य किए जाने की जरूरत है। एक सप्ताह के भीतर सरकार और सिस्टम हरकत में न आया तो कांग्रेस पोल खोल अभियान शुरू करेगी। उन्होंने चेताया की इस गंभीर मसले को राज्य सरकार हल्के में न ले बल्कि तत्काल प्रभाव से सभी नगर निकायों और यात्रा मार्ग पर साफ सफाई तथा मच्छर नियंत्रण अभियान को युद्धस्तर पर शुरू करे अन्यथा कांग्रेस आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.